चितौडगढ,नरेन्द्र सेठिया
राशमी पंचायत रिश्वत प्रकरण में बड़ी कार्रवाई
पट्टा मामले में ग्राम पंचायत प्रशासक बंशीलाल रेगर पदमुक्त। राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल
राशमी से इस समय की बड़ी प्रशासनिक एवं राजनीतिक खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने कथित रिश्वत प्रकरण में सख्त कार्रवाई करते हुए राशमी ग्राम पंचायत के प्रशासक बंशीलाल रेगर को पद से हटा दिया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के प्रशासनिक और राजनीतिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, पट्टा प्रकरण से जुड़े मामले में बंशीलाल रेगर पर तीन लाख रुपये रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगे थे। शिकायत और प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर राज्य सरकार ने त्वरित निर्णय लेते हुए उन्हें पदमुक्त करने के आदेश जारी किए हैं।
इस संबंध में शासन उप सचिव त्रिलोक चंद मीणा द्वारा आधिकारिक आदेश जारी किए गए हैं। सरकार की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त रुख और ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के रूप में देखा जा रहा है।
राजनीतिक दृष्टि से यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि बंशीलाल रेगर को अर्जुनलाल जीनगर का करीबी माना जाता है। ऐसे में इस कार्रवाई के बाद क्षेत्रीय राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। विपक्षी दल भी इस मामले को लेकर सरकार और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर नजर बनाए हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार, पट्टा प्रकरण को लेकर लंबे समय से स्थानीय स्तर पर नाराजगी और शिकायतें सामने आ रही थीं। अब सरकार की कार्रवाई के बाद पंचायत प्रशासन से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की संभावना जताई जा रही है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि यदि जांच में और तथ्य सामने आते हैं तो आगे अतिरिक्त कार्रवाई भी की जा सकती है।
इस घटनाक्रम के बाद राशमी क्षेत्र में राजनीतिक समीकरणों पर भी असर पड़ने की चर्चा शुरू हो गई है। वहीं आमजन के बीच सरकार की इस कार्रवाई को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





