अयोध्या में पार्किंग माफिया सक्रिय: बिना सुविधा वसूली,प्रशासन बेखबर।

SHARE:

अयोध्या में पार्किंग माफिया सक्रिय: बिना सुविधा वसूली, प्रशासन बेखबर।

अयोध्या।
श्रीराम मंदिर निर्माण के बाद बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच अयोध्या में वाहन पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली का खेल तेजी से फैलता जा रहा है। शहर में कई स्थानों पर बिना पंजीकरण और मानकों के पार्किंग संचालित हो रही हैं, जहां सुरक्षा, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं, फिर भी वाहन मालिकों से मनमाना शुल्क लिया जा रहा है।
व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था के अभाव में गेस्ट हाउस और होमस्टे में ठहरने वाले पर्यटकों के वाहन सड़कों और गलियों में खड़े हो रहे हैं, जिससे जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। इस अव्यवस्था का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने निजी जमीनों पर अवैध पार्किंग बना ली है और खुलेआम वसूली कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन पार्किंग स्थलों का न तो कोई पंजीकरण है और न ही नगर निगम या विकास प्राधिकरण की ओर से कोई निगरानी की जा रही है। प्रशासन को जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई न होने से पार्किंग माफिया के हौसले बुलंद हैं।
वहीं, कई होमस्टे और गेस्ट हाउस संचालक भी नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। पार्किंग व्यवस्था न होने के बावजूद पर्यटकों से शुल्क लिया जा रहा है, जिससे विवाद की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
इसी बीच अयोध्या नगर निगम के युवा पार्षद अंकित त्रिपाठी ने एक अवैध पार्किंग को बंद कराकर कार्रवाई की शुरुआत की है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए, सभी पार्किंग स्थलों का पंजीकरण अनिवार्य किया जाए और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment