कलेक्ट्रेट में मंडलायुक्त का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश।
जनसुनवाई की गुणवत्ता बढ़ाने व लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर जोर।
अयोध्या।
मंडलायुक्त राजेश कुमार ने बुधवार को शासन के निर्देशों के अनुपालन में कलेक्ट्रेट परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कर कार्यालयों की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण तथा जनसुनवाई कक्ष की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचे, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न हो।उन्होंने कार्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट सभागार, अभिलेखागार, आयुध कक्ष सहित विभिन्न प्रशासनिक शाखाओं का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को कहा।इस अवसर पर जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, अपर आयुक्त अजयकांत सैनी, अपर जिलाधिकारी (नगर), अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सहित संबंधित विभागाध्यक्ष व अधिकारी उपस्थित रहे।
बाक्स
रुदौली तहसील में अनियमितता पर पेशकार निलंबित
अयोध्या। मंडलायुक्त राजेश कुमार ने जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे के साथ रुदौली तहसील का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न पटलों का बारीकी से अवलोकन करते हुए रिकॉर्ड रूम में अभिलेखों व रजिस्टरों की जांच की।
तहसील न्यायिक की पत्रावलियों में अनियमितता पाए जाने पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित पेशकार राघवेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।मंडलायुक्त ने उप जिलाधिकारी संतोष कुमार को तहसील परिसर में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था तथा अधिवक्ताओं के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक बुजुर्ग महिला की समस्या सुनकर उसके तत्काल निस्तारण के निर्देश भी दिए।
इसके बाद मंडलायुक्त ने विकास खंड रुदौली का निरीक्षण कर जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी व समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए।
निरीक्षण के दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित हैचरी केंद्र का अवलोकन कर मंडलायुक्त ने उनके प्रयासों की सराहना की और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर आयुक्त अजयकांत सैनी, जिला विकास अधिकारी महेंद्र देव सिंह, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





