पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे का दावा।

SHARE:

राम मंदिर के नाम पर खेल? ब्रह्मकुंड गुरुद्वारा के पास नानक सदन निर्माण को लेकर भूमाफियाओं पर गंभीर आरोप
पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे का दावा, पीड़ित परिवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उठाई निष्पक्ष जांच की मांग

अयोध्या।

रामनगरी अयोध्या में राम मंदिर के नाम पर जमीन कब्जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। पुलिस लाइन निवासिनी डॉ. अमरजीत कौर और उनके भाई करमजीत सिंह ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद जमीन पर निर्माण कार्य जारी है और यह सब विकास प्राधिकरण व नगर निगम के संरक्षण में हो रहा है।पीड़ित परिवार का आरोप है कि ब्रह्मकुंड गुरुद्वारा के निकट स्थित उनकी पैतृक भूमि पर कुछ लोगों द्वारा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कब्जा किया जा रहा है। डॉ. अमरजीत कौर ने बताया कि गुरजीत सिंह, महंत बलजीत सिंह, सुरजीत सिंह, चरणजीत सिंह, कुलजीत सिंह समेत अन्य लोगों ने उनके पिता स्व. किशन सिंह से कथित रूप से फर्जी वसीयतनामा तैयार कराया। इस संबंध में मुकदमा न्यायालय में लंबित है।उन्होंने कहा कि विवादित भूमि नजूल की है और अभिलेखों में उनके पिता स्व. किशन सिंह के नाम दर्ज है। इसके बावजूद विपक्षीगण बिना मानचित्र स्वीकृति के दुकानों और भवनों का निर्माण करा रहे हैं। हाल ही में एक समाचार पत्र में यह प्रकाशित किया गया कि उक्त भूमि पर ‘नानक सदन’ का निर्माण हो रहा है, जिसे राम मंदिर से जुड़ा बताया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि प्रशासनिक कार्रवाई से बचने के लिए ऐसा प्रचार किया जा रहा है।डॉ. अमरजीत कौर ने आरोप लगाया कि ज्ञानी गुरजीत सिंह द्वारा राम मंदिर के नाम पर ‘नानक सदन’ निर्माण का प्रचार कर जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि सुरजीत सिंह द्वारा मौके पर पंजाबी रसोई नाम से रेस्टोरेंट भी संचालित किया जा रहा है, जबकि नगर निगम में नामांतरण प्रक्रिया आपत्ति के बाद रोकी जा चुकी है।पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने विकास प्राधिकरण, नजूल विभाग और जिलाधिकारी को कई बार प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने शासन-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध कब्जों पर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विपक्षीगण और प्रशासन की होगी। उनका कहना है कि भूमाफियाओं के कब्जे के कारण वे अपनी जमीन से बेदखल होकर ननिहाल में रहने को मजबूर हैं।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment