चितौडगढ नरेन्द्र सेठिया
कपासन रीको इंडस्ट्री एरिया में केमिकल फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट,आग से स्क्रैप यूनिट भी चपेट में
कपासन, चित्तौड़गढ़ –
एंकर – चित्तौड़गढ़ जिले से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर कपासन के रीको इंडस्ट्री एरिया से सामने आ रही है, जहां मरुन इंडस्ट्रीज स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में रात करीब 11 बजकर 15 मिनट पर जोरदार धमाका हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि करीब पांच किलोमीटर तक धरती कांप उठी और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। विस्फोट के तुरंत बाद फैक्ट्री में भीषण आग भड़क उठी, जिसने पास स्थित स्क्रैप फैक्ट्री को भी अपनी चपेट में ले लिया।
धमाके की ताकत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री से उछला एक भारी वाल करीब 500 मीटर दूर एक मकान पर जा गिरा, जिससे घर की छत में लगी पट्टी टूट गई। स्क्रैप यूनिट की चद्दरें उड़ने और दीवार क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई दमकलें मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। प्रथमदृष्ट्या प्लांट में बॉयलर फटने की आशंका जताई जा रही है। जिला कलेक्टर आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी और कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। फिलहाल क्षेत्र को सुरक्षित कर नुकसान के आकलन की प्रक्रिया जारी है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





