मुमुक्षु मानुषी का वरघोड़ा और स्वर्ण जयंती महोत्सव संपन्न

SHARE:

चितौडगढ नरेन्द्र सेठिया

करेड़ा पार्श्वनाथ तीर्थ में उमड़ा आस्था का सैलाब: मुमुक्षु मानुषी का वरघोड़ा और स्वर्ण जयंती महोत्सव संपन्न

​भूपालसागर। मेवाड़ के सुप्रसिद्ध शंखेश्वर करेड़ा पार्श्वनाथ तीर्थ में शनिवार को भक्ति, शक्ति और वैराग्य का अद्भुत त्रिवेणी संगम देखने को मिला। अवसर था तीर्थ के जीर्णोद्धार के स्वर्ण जयंती महोत्सव और मुमुक्षु मानुषी कुमारी के भव्य वर्षीदान वरघोड़े का। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘पार्श्वनाथ प्रभु’ और ‘जैनम जयति शासनम’ के जयकारों से गुंजायमान रहा। ​महोत्सव का मुख्य आकर्षण मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण रहा। जैसे ही स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में शिखर पर ध्वजा चढ़ाने का अनुष्ठान शुरू हुआ, अचानक हुई बारिश ने सभी को चकित कर दिया। श्रद्धालुओं ने इसे दैवीय संकेत मानते हुए ‘अमृत वर्षा’ कहा। भक्तों का मानना था कि प्रभु के 50वें स्वर्ण जयंती महोत्सव पर स्वयं इंद्र देव ने जलाभिषेक कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
​संयम पथ की राही, पिंडवाड़ा निवासी मुमुक्षु मानुषी कुमारी का भव्य वर्षीदान वरघोड़ा निकाला गया। श्वेत वस्त्रों में पुरुष और एक ही रंग की साड़ियों में सजी मेवाड़-मालवा और वागड़ क्षेत्र की 50 से अधिक महिला मंडलों की उपस्थिति ने दृश्य को भव्य बना दिया। मुमुक्षु मानुषी ने जब अपनी सांसारिक वस्तुओं का त्याग (वर्षीदान) शुरू किया, तो उसे पाने के लिए होड़ मच गई। महिलाएं हाथों में जिनशासन की ध्वजा और अष्टप्रकारी पूजा की सामग्री लेकर मंगल गान करती चल रही थीं।
​यह महोत्सव आचार्य भगवंत श्रीमद विजय निपुणरत्न सूरीश्वर जी म.सा., पन्यास प्रवर निराग रत्न विजय जी म.सा. एवं उपेंदयशा श्रीजी आदि ठाना-4 और अर्हद रेखा श्रीजी आदि ठाना-4 की पावन निश्रा में संपन्न हुआ। आचार्यों ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए संयम जीवन और तीर्थ की महिमा पर प्रकाश डाला।
​मुमुक्षु मानुषी कुमारी आगामी 8 मार्च को पिंडवाड़ा स्थित ‘सूरि प्रेम वाटिका’ में सांसारिक चकाचौंध का त्याग कर दीक्षा अंगीकार करेंगी। इससे पहले ​7 मार्च को पिंडवाड़ा में भव्य वर्षीदान यात्रा और ‘माता-पिता वंदनावली’ का आयोजन होगा और ​8 मार्च को महाभिनिष्क्रमण (दीक्षा) संस्कार के अवसर पर संगीतकार संयम जैन, मनन संघवी और ईशान दोषी भजनों की प्रस्तुति देंगे।
​त्रिदिवसीय महोत्सव में मूलनायक ध्वजा का लाभ सादड़ी निवासी सोहनराज गुलाब चंद सुंदेशा परिवार (दिलीप कुमार, चंद्र प्रकाश सुंदेशा) ने लिया। कार्यक्रम में करेड़ा पार्श्वनाथ जैन तीर्थ ट्रस्ट मंडल के सचिव अनीश कोठारी, कोषाध्यक्ष हेमंत कोठारी, श्रेणिक मनावत, बालेन्द्र कोठारी, अनिल मेहता, कमलेश जारोली सहित भीलवाड़ा और आसपास के 50 गांवों के हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment