हफ्ता वसूली के खिलाफ जिला पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हमलावर गिरफ्तार,मौके पर कराई परेड।

SHARE:

चितौडगढ नरेन्द्र सेठिया

हफ्ता वसूली के खिलाफ जिला पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हमलावर गिरफ्तार, मौके पर कराई परेड।

चित्तौड़गढ़। शहर में हाथ ठेला लगाकर मेहनत-मजदूरी से जीवन यापन करने वाले रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों से खुलेआम हफ्ता वसूली और रंगदारी की बढ़ती घटनाओं पर जिला पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की है। मंगलवार रात हुई तोड़फोड़ और मारपीट की घटना के महज एक दिन के भीतर पुलिस ने चार हमलावरों को गिरफ्तार कर वारदात स्थल पर ही हथकड़ी पहनाकर परेड करवाई, जिससे आमजन में व्याप्त भय को दूर किया जा सके।
मंगलवार रात करीब 8 बजे सेंती स्थित राजीव गांधी पार्क के बाहर लगे हाथ ठेलों पर वसूली गिरोह ने हमला किया। आरोप है कि स्कॉर्पियो वाहन में सवार बदमाशों ने 200 रुपये हफ्ता नहीं देने पर चेतक पानी-पुरी के ठेले पर जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान ठेला संचालक शंकरलाल, उसकी पत्नी लक्ष्मी और अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। बदमाश डंडे, सरिये और हथियार लेकर आए थे और सरेआम जान से मारने की धमकियां दीं। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
घटना के बाद समस्त हाथ गाड़ी व्यापारियों ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि मोहन, धनराज, उदयराम गुर्जर सहित नेनू, राहुल जायसवाल और अन्य 7-8 लोग लंबे समय से धमकाकर वसूली कर रहे थे। इससे पहले भी सदर थाने में कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से माफिया के हौसले बढ़ते गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर तुरंत कार्रवाई की और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार दोपहर वारदात स्थल पर ही उनकी परेड करवाई गई। शहर वृत्ताधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड है और अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है। परेड का उद्देश्य आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास कायम करना और यह संदेश देना है कि शहर में अपराध और माफियागिरी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से हाथ ठेला व्यवसायियों सहित आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है। जिला पुलिस ने साफ किया है कि शहर में भयमुक्त वातावरण बनाए रखने और मेहनतकश लोगों की सुरक्षा के लिए आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment