समाधान दिवस में उमड़ी भीड़, डीएम–एसएसपी ने गंभीरता से सुनीं फरियादें।

SHARE:

समाधान दिवस में उमड़ी भीड़, डीएम–एसएसपी ने गंभीरता से सुनीं फरियादें

11 शिकायतों का मौके पर निस्तारण, 186 प्रकरणों पर कार्रवाई की शुरूआत

अयोध्या।तहसील मिल्कीपुर सभागार में सोमवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर जनता की समस्याओं को सुनने स्वयं पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की एक-एक शिकायत ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि प्रत्येक शिकायत को संवेदनशीलता के साथ लेकर उसका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को राहत देना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।समाधान दिवस में विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए लोगों ने अपनी समस्याएँ सामने रखीं। ग्राम चिरौली पूरे सूबेदार के शिकायतकर्ता ने चकमार्ग पटवाने की मांग उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को मौके की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम सराय धनेठी के निवासी ने फर्जी वसीयत तैयार कराने की शिकायत रखी, वहीं पलिया मु. कुचेरा के शिकायतकर्ता ने श्मशान भूमि पर हरे पेड़ काटे जाने का आरोप लगाया। ग्राम सिधौंना के एक व्यक्ति ने भूमि पर जबरन कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। डीएम ने सभी प्रकरणों पर गहन जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए।
इसी क्रम में रनापुर (विकासखंड हरिंग्टनगंज) से आए शिकायतकर्ता ने खड़ंजा मरम्मत की मांग रखी, जबकि हिसामुद्दीनपुर के शिकायतकर्ता ने सरकारी नल पर अवैध अतिक्रमण हटाने की गुहार लगाई। इन मामलों पर खंड विकास अधिकारी और तहसील प्रशासन को आवश्यक कार्यवाही का आदेश दिया गयाजिलाधिकारी ने बताया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 186 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 11 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के आदेशानुसार प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कार्यालय में अनिवार्य रूप से मौजूद रहकर जनता की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निपटारा करें।तहसील दिवस में राजस्व, भूमि विवाद, जल आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन, पेंशन सहित कई विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने इन सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए।कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment