जानकी महल मार्ग की बदहाली पर उठे सवाल, प्रांतीय पत्रकार सम्मेलन में भी नहीं हुई सफाई।

SHARE:

जानकी महल मार्ग की बदहाली पर उठे सवाल, प्रांतीय पत्रकार सम्मेलन में भी नहीं हुई सफाई।

अयोध्या।

नयाघाट रामपथ से जानकी महल रोड पर स्थित जानकी महल सभागार में यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन संबंध इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट का प्रादेशिक प्रतिनिधि सम्मेलन 6 नवंबर 2025 से चल रहा है। सम्मेलन में प्रदेश के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि तथा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर प्रदेशभर के पत्रकार, संपादक एवं मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
सम्मेलन के चलते पूरे मार्ग पर पत्रकारों की आवाजाही बढ़ी हुई है, लेकिन जानकी महल से नया घाट रामपथ तक का मार्ग बदहाली की मार झेल रहा है। विश्व हिंदू परिषद के फायरब्रांड नेता एवं पूर्व सांसद महंत रामविलास दास वेदांती के हिंदू धाम के ठीक सामने टेलीफोन विभाग का टूटा हुआ चैंबर खुले रूप में जानलेवा खतरा बना हुआ है।इसी मार्ग पर जानकी महल निःशुल्क चिकित्सालय और राम हर्षण कुंज के सामने कूड़े का ढेर जमा है, जिसमें गायें कूड़ा खाने को मजबूर हैं। वहीं, आसपास मल-मूत्र का गंदा पानी फैला होने से दुर्गंध और संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
इसके साथ ही पूरे मार्ग पर अवैध रूप से खड़े वाहन यातायात व्यवस्था को बाधित कर रहे हैं। बावजूद इसके, नगर निगम, महापौर और क्षेत्रीय पार्षद की निगाहें इस ओर नहीं जा रही हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब प्रदेश स्तरीय पत्रकार सम्मेलन जैसा आयोजन इसी मार्ग पर हो रहा है, तब भी सफाई और व्यवस्था पर ध्यान न दिया जाना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
अयोध्या नागरिक मंच के संयोजक व ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला मंत्री एस. एन. बागी ने नगर निगम आयुक्त व महापौर से मांग की है कि इस मार्ग की उपेक्षा समाप्त की जाए और नियमित साफ-सफाई, जल निकासी एवं सड़क मरम्मत की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नगर निगम को कम से कम ऐसे अवसरों पर शहर की छवि सुधारने की दिशा में संवेदनशीलता दिखानी चाहिए एस. एन. बागी, जिला मंत्री, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment