अयोध्या को श्रद्धालुओं के लिए आनंददायक बनाना प्राथमिकता:अनुराग जैन

SHARE:

अयोध्या को श्रद्धालुओं के लिए आनंददायक बनाना प्राथमिकता : अनुराग जैन
प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों में जुटे अयोध्या विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष

अयोध्या।

अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) के नव नियुक्त उपाध्यक्ष आईएएस अनुराग जैन ने कहा है कि अयोध्या का विकास इस प्रकार किया जाएगा कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को न केवल धार्मिक बल्कि सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति हो। उन्होंने कहा कि रामनगरी की पहचान भव्यता, स्वच्छता और सुगमता से हो यही उनकी प्राथमिकता होगी।
शुक्रवार को हुई एक अनौपचारिक बातचीत में उपाध्यक्ष अनुराग जैन ने अपनी कार्य प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी योजना केवल निर्माण तक सीमित न रहे, बल्कि उसका प्रभाव श्रद्धालुओं और नागरिकों दोनों के जीवन में दिखे, यही उनका लक्ष्य है।
महराजगंज और अंबेडकरनगर जिलों में अपने कार्यकाल के दौरान योजनाओं के सटीक क्रियान्वयन और सख्त प्रशासनिक रुख के लिए चर्चित रहे अनुराग जैन इन दिनों आगामी 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित अयोध्या दौरे की तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनज़र सभी परियोजनाओं की समीक्षा की जा रही है ताकि कोई भी कार्य अधूरा न रहे।उपाध्यक्ष ने कहा अयोध्या की विकास यात्रा केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं रहेगी। यह एक सांस्कृतिक नवजागरण का प्रतीक बनेगी। हमारी कोशिश होगी कि यहां आने वाले श्रद्धालु कई दिनों तक रुकें, शहर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आयामों को समझें और एक अविस्मरणीय अनुभव लेकर लौटें।
उन्होंने यह भी कहा कि रामनगरी की पहचान स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और स्थानीय जनसुविधाओं के माध्यम से नई ऊँचाइयों पर पहुँचाई जाएगी।
अधिकारियों की मानें तो अनुराग जैन के नेतृत्व में विकास प्राधिकरण अब गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान देगा, जिससे अयोध्या को विश्व स्तर पर एक आदर्श धार्मिक नगरी के रूप में स्थापित किया जा सके।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment