सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं 248 शिकायतें,13 का मौके पर निस्तारण।

SHARE:

सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं 248 शिकायतें, 13 का मौके पर निस्तारण।

अयोध्या। तहसील
मिल्कीपुर के सभागार में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मिल्कीपुर विधायक चन्द्रभानु पासवान, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर विशेष रूप से मौजूद रहे।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं प्रत्येक फरियादी की बात को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता से समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

समाधान दिवस में विभिन्न ग्रामों से आए शिकायतकर्ताओं ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। ग्राम पालपुर (विकासखंड अमानीगंज) से अवैध निर्माण की शिकायत पर डीएम ने एसडीएम मिल्कीपुर को जांच कर उचित कार्रवाई करने को कहा। इसी प्रकार ग्राम परसवां, निमड़ी, इटौंजा, मवईकला, उछाहपाली, सिंधौरा, कुर्न्दखाकला व रनापुर के शिकायतकर्ताओं द्वारा भूमि विवाद, जल जीवन मिशन योजना, सुरक्षित भूमि पर निर्माण, इंडिया मार्का टू हैंडपंप आदि से संबंधित शिकायतें की गईं।ग्राम पंचायत हिसामुद्दीनपुर के एक शिकायतकर्ता ने विपक्षी द्वारा लगे हैंडपंप को बाउंड्री के अंदर करने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने एडीओ पंचायत को दो दिन के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 248 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, जलापूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन, पेंशन आदि विभागों से संबंधित मामले प्रमुख रहे।इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment