श्री रामजन्मभूमि ट्रस्ट में क्षत्रिय प्रतिनिधित्व की मांग
सूर्यवंशी परंपरा का हवाला देते हुए समाज ने खोला मोर्चा
खुले पत्र में प्रख्यात समाजसेवी सूर्यवंशी क्षत्रिय राजेश सिंह मानव का सुझाया गया नाम
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधित्व को लेकर नई बहस छिड़ गई है। क्षत्रिय समाज ने खुले पत्र के माध्यम से ट्रस्ट से आग्रह किया है कि प्रभु श्रीराम की परंपरा और कुल की गरिमा का सम्मान करते हुए सूर्यवंशी क्षत्रिय समाज से एक प्रतिनिधि को सदस्यता दी जाए। पत्र में कहा गया है कि हाल ही में ट्रस्ट के सदस्य विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन से जो रिक्तता बनी है, उसे भरने के लिए क्षत्रिय समाज से जुड़ा चेहरा होना चाहिए। समाज ने जोर देते हुए कहा कि जब प्रभु श्रीराम स्वयं सूर्यवंशी क्षत्रिय कुल में अवतरित हुए थे, तब ट्रस्ट में क्षत्रिय प्रतिनिधि की अनुपस्थिति परंपरा और आस्था दोनों के विपरीत है।
खुले पत्र में क्षत्रिय समाज ने अयोध्या के जाने-माने विद्वान और सामाजिक कार्यकर्ता राजेश सिंह मानव का नाम प्रस्तावित किया है। पत्र में तर्क दिया गया कि मानव लंबे समय से रामजन्मभूमि आंदोलन के सांस्कृतिक, सामाजिक और वैचारिक पक्ष से जुड़े रहे हैं। शास्त्रों के गहरे जानकार होने के साथ वे संगठन क्षमता और धर्मनिष्ठा से परिपूर्ण हैं, जो ट्रस्ट के उद्देश्यों को और मजबूती देंगे।
समाज ने साफ कहा है कि यह केवल प्रतिनिधित्व का सवाल नहीं, बल्कि परंपरा और आस्था का विषय है। यदि ट्रस्ट क्षत्रिय प्रतिनिधि को शामिल करता है तो यह श्रीराम की परंपरा और कुल की गरिमा का सम्मान होगा। अब सबकी निगाहें ट्रस्ट के अगले फैसले पर टिकी हैं कि क्या वह समाज की इस ऐतिहासिक मांग को स्वीकार करेगा।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





