जलालपुर में महिला ने नॉर्मल डिलीवरी से दिया तीन बच्चों को जन्म, डॉक्टर की सूझबूझ की सराहना।
अयोध्या/अंबेडकर नगर, जलालपुर: जलालपुर तहसील के मंगुराडीला स्थित परिवार हॉस्पिटल में एक महिला ने नॉर्मल डिलीवरी से तीन बच्चों को जन्म दिया है, जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस सफल प्रसव को अंजाम देने वाली महिला चिकित्सक, डॉ. अनामिका सिंह, की सूझबूझ और मेहनत की हर तरफ खूब सराहना हो रही है।
पश्चिमी मोहल्ला, जलालपुर के रहने वाले संजय गौड़ की पत्नी रिंकी को सोमवार को प्रसव पीड़ा के बाद परिवार हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। चूंकि रिंकी की यह पहली गर्भावस्था थी और प्रसव समय से पहले (सात महीने तीन सप्ताह) हो रहा था, इसलिए यह डॉक्टर के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था।
डॉ. अनामिका सिंह की देखरेख में प्रसव प्रक्रिया शुरू हुई और उनकी सूझबूझ से महिला ने सफलतापूर्वक तीन बच्चों को जन्म दिया। इन बच्चों में दो लड़कियां और एक लड़का शामिल हैं। हालांकि, बच्चों का वजन 1.50 किलोग्राम से कम होने के कारण उन्हें विशेष देखभाल में रखा गया है। एक साथ तीन बच्चों के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं, इस दुर्लभ मामले को सामान्य प्रसव से सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए डॉ. अनामिका सिंह की प्रशंसा की जा रही है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





