जनशिकायतों का त्वरित समाधान होः महापौर
नगर निगम में जनसुनवाई के दौरान आईं 18 शिकायतें, समस्याओं का किया गया समाधान
सफाई, जलभराव दूर करने निर्देश, मार्ग एवं नाली निर्माण को सूचीबद्ध कर स्टीमेट तैयार के निर्देश
संजय यादव,अयोध्या।
जनशिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम कार्यालय में आयोजित संभव कार्यक्रम में मंगलवार को कुल 18 प्रार्थनापत्र प्राप्त हुए, जिसमें से 10 शिकायतों का महापौर ने तुरंत समाधान कराया। जनसुनवाई की अध्यक्षता कर रहे इस महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि जनशिकायतों का त्वरित समाधान हो, क्योंकि नगरवासी बड़ी उम्मीद लेकर नगर निगम कार्यालय आते हैं। त्वरित समाधान से ही नगर निगम टीम की विश्वसनीयता बढ़ेगी।
मंगलवार को महापौर नगर निगम कार्यालय पहुंचे और लोगों की समस्याओं से रूबरू हुए। उन्होंने जलभराव की समस्या का समाधान करने, सफाई एवं एंटी लार्वा छिड़काव के लिए तत्काल कर्मचारियों को रवाना किया। जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र तुरंत जारी करने के निर्देश दिए।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान सड़क एवं नाली निर्माण की मांगें ज्यादा सामने आईं। घोसी टोला के फैयाजअली ने गृह कर एवं जलकर ज्यादा आने की शिकायत की। सर्वे कराकर नया बिल जारी करने के निर्देश दिए गए। साकेतपुरी कॉलोनी के निवासियों ने सड़क एवं नाली निर्माण कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप मुहल्ले के एक व्यक्ति पर लगाया। इस प्रकरण की जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बहादुरगंज अनीतादेवी ने अतिक्रमण की शिकायत की। अतिक्रमण हटाने के लिए टीम को निर्देश दिया गया। कृष्ण विहार कॉलोनी के निवासियों ने रास्ता निर्माण की मांग की। बकरा मंडी के पास मलवा हटवाने की मांग भी की गई। महापौर ने सभी मांगों को सूचीबद्ध कर निस्तारण करने का निर्देश दिया। जनसुनवाई में अपर नगर आयुक्त वागीश कुमार शुक्ल, नागेंद्र नाथ, सुमित कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राम मणि शुक्ल मौजूद रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





