सड़क के बीच लगी 135 एलईडी अभी तक नहीं जली
बिजली ट्रांसफॉर्मर को लेकर विभागों में खींचतान
संजय यादव,अयोध्या।
नाका चौराहा से रायबरेली रोड ओवर ब्रिज तक पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क निर्माण के दौरान सड़क के बीचों-बीच लगभग 135 बिजली के पोल लगाए गए हैं। इनमें एलईडी लाइटें भी लगाई जा चुकी हैं, लेकिन चार महीने बीत जाने के बावजूद अब तक इन पोलों को विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पाई है।पूर्व अवर अभियंता हरीश कुमार श्रीवास्तव ने इस संबंध में पत्र के माध्यम से प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि बिजली विभाग द्वारा इस कार्य हेतु अलग ट्रांसफॉर्मर की मांग की गई है और इसके लिए पीडब्ल्यूडी विभाग को प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है। हालांकि, पीडब्ल्यूडी का कहना है कि सभी कनेक्शन पब्लिक ट्रांसफॉर्मर से ही लिए जाएं, लेकिन बिजली विभाग इस पर सहमत नहीं है। स्पष्ट है कि दोनों विभाग एक-दूसरे पर ज़िम्मेदारी टाल रहे हैं, जिससे परियोजना अधूरी पड़ी है और आम जनता को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरे में डूबी यह सड़क रात के समय दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।
श्री श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी से अपील की है कि अयोध्या नगर निगम के उच्च अधिकारियों को इस समस्या के समाधान हेतु निर्देशित करें, ताकि इस महत्वपूर्ण मार्ग पर रोशनी व्यवस्था जल्द से जल्द बहाल हो सके।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





