अयोध्या नया घाट में तीर्थ यात्रियों की सेवा में जुटा श्री भगवान राम जानकी इच्छा बिहारी सदन सेवा ट्रस्ट।

SHARE:

अयोध्या नया घाट में तीर्थ यात्रियों की सेवा में जुटा श्री भगवान राम जानकी इच्छा बिहारी सदन सेवा ट्रस्ट।

भूख, प्यास और बीमारी से जूझते श्रद्धालुओं की सेवा ही प्रभु भक्ति है – नौमी लाल गुप्ता

संजय यादव,अयोध्या।

धर्म और सेवा की नगरी अयोध्या में जहां एक ओर प्रभु श्रीराम के दर्शन हेतु देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं, वहीं दूसरी ओर श्री भगवान राम जानकी इच्छा बिहारी सदन सेवा ट्रस्ट के माध्यम से इन्हें प्रेम, सेवा और सम्मान भी मिल रहा है। नया घाट क्षेत्र में संचालित यह सेवा ट्रस्ट, श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोजन, स्वच्छ जल प्याऊ, विश्राम स्थल, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा व मुफ्त दवा वितरण जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर मानवता की एक नई मिसाल पेश कर रहा है। उनका मानना है कि “अयोध्या आने वाला हर तीर्थयात्री हमारे लिए प्रभु का अतिथि है। यदि वह भूखा है तो हमें भोजन देना चाहिए, प्यासा है तो पानी, थका है तो विश्राम, और बीमार है तो दवा – यही हमारी रामभक्ति का सार है। मानव सेवा से बड़ा कोई व्रत, कोई तप, कोई धर्म नहीं।” श्री गुप्ता ने जानकारी दी कि ट्रस्ट द्वारा प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों को गर्म भोजन, स्वच्छ पीने का पानी और विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही, स्थानीय डॉक्टरों के सहयोग से प्राथमिक चिकित्सा केंद्र संचालित किया जाता है, जिसमें रोगियों को निशुल्क दवाएं भी दी जाती हैं। समाजसेवी नौमी लाल गुप्ता ने बताया कि रामनवमी, कार्तिक पूर्णिमा, सरयू आरती, दीपोत्सव, श्रीराम विवाह महोत्सव और पंचकोशी व 14 कोसी परिक्रमा जैसे पर्वों पर ट्रस्ट द्वारा विशेष शिविर लगाए जाते हैं, जहां हज़ारों श्रद्धालुओं को विशेष भोजन व दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। ऐसे समय में ट्रस्ट की सेवाएं दिन-रात चलती हैं l श्री गुप्ता ने नगरवासियों, युवा संगठनों एवं धार्मिक संस्थाओं से आह्वान करते हुए कहा कि आइए, हम सब मिलकर प्रभु श्रीराम के चरणों में समर्पित अयोध्या को सेवा और सहयोग की राजधानी बनाएं। हमारी जिम्मेदारी है कि कोई भी श्रद्धालु भूखा, प्यासा या असहाय न लौटे।” सेवा स्थल बन रहा श्रद्धालुओं के लिए तीर्थ
अनेक श्रद्धालुओं का कहना है कि नया घाट स्थित सेवा केंद्र में उन्हें सिर्फ भोजन ही नहीं, मानवीय संवेदना, आत्मिक शांति और भक्ति भाव भी प्राप्त होता है। यहां की सेवा भावना उन्हें अयोध्या के सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ती है। ट्रस्ट द्वारा शीघ्र ही चलती चिकित्सा एंबुलेंस, महिला विश्राम गृह, शुद्ध स्नानघर व्यवस्था और विशेष वृद्धजनों के लिए सेवा कक्ष आरंभ करने की भी योजना है। रामनगरी अयोध्या में श्री भगवान राम जानकी इच्छा बिहारी सदन सेवा ट्रस्ट का यह सेवा कार्य श्रद्धालुओं के लिए एक वरदान साबित हो रहा है, जो न केवल उनके कष्ट हर रहा है, बल्कि अयोध्या की सनातन सेवा परंपरा को और सशक्त कर रहा है।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment