लता चौक पर दिखा भक्ति सेवा और सर्मपर्ण का अद्भुत संगम।

SHARE:

लता चौक पर दिखा भक्ति सेवा और सर्मपर्ण का अद्भुत संगम।

– जेठ के अंतिम मंगलवार को उमड़ा आस्था का जनसैलाब

– 400 मीटर में लगे भण्डारे के स्टॉल, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

अयोध्या। प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में आस्था का अनुपम दृश्य जेठ के अंतिम मंगलवार को देखने को मिला, जब लता चौक नया घाट पर महाबली हनुमान जी के चरणों में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से समर्पण किया। पूर्व सांसद लल्लू सिंह के संयोजन में उनकी संस्था श्री अयोध्या न्यास द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया था। लगभग 400 मीटर तक विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से श्रद्धालुओं की भोजन प्रसाद सेवा की जा रही थी।
सुबह 10 बजे वैदिक विद्वानों द्वारा स्वास्तिवाचन, मंत्रोच्चार और शंखनाद के साथ दीप प्रज्वलन कर महाबली को भोग अर्पित किया गया। मणिराम छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास शास्त्री ने दीप प्रज्जवलित कर मंगलारंभ किया। हर दिशा से जयश्री राम व बजरंगबली की जय के जयघोष परिवेश को भक्तिमय बना रहे थे।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र महासचिव चंपतराय, बड़ा भक्तमाल के महंत अवधेश दास, हनुमत निवास के महंत अवध किशोर शरण, हनुमानगढ़ी सरपंच महंत रामकुमार दास, जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी राम दिनेशाचार्य, ख़ाक चौक के महंत बृजमोहन दास, संकटमोचन हनुमान किला के महंत परशुराम दास, गोस्वामी तुलसीदास छावनी के महंत जनार्दन दास, राम कचेहरी चार धाम के महंत शशिकांत दास, पत्थर मंदिर के महंत मनीष दास, अवधेश निवास के महंत रामशरण दास रामायणी, बरेली मंदिर के महंत सुरेन्द्र दास, जगन्नाथ मंदिर के महंत राघव दास रामायणी, हनुमान टेकरी के महंत प्रमोद शरण, हरे राम सदन के महंत रामलोचन शरण, तपस्वी छावनी के महंत परमहंसाचार्य, कथावाचक चंद्रांशु महाराज, गहोई मंदिर के महंत राम-लखन शरण के सानिध्य ने भण्डारे को अध्यात्मिकता से भर दिया। संत महंतों को भगवा अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया, तो यह दृश्य किसी धर्मोत्सव से कम नहीं था। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय समेत अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।
पूर्व सांसद के संयोजन भंडारे की व्यवस्था इतनी सुचारू रही कि किसी को कोई असुविधा नहीं हुई। दर्जनों प्रसाद वितरण केंद्र, सक्रिय स्वयंसेवक और पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर लगातार प्रसारित होते संदेशों ने व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाया। पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा, यह आयोजन केवल प्रसाद वितरण नहीं, बल्कि अयोध्या की सामूहिक भक्ति और सेवा की भावना का प्रतीक है। हर भक्त हमारे लिए परिवार का सदस्य है।
भण्डारे में बीजेपी जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, ओम प्रकाश सिंह, अवधेश पाण्डेय बादल, कमलाशंकर पाण्डेय, अभिषेक मिश्र, राघवेन्द्र पाण्डेय, शैलेन्द्र कोरी, सुनील तिवारी शास्त्री, सहित अन्य पदाधिकारी ने भी प्रसाद ग्रहण किया।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment