शराब की दुकान के बाहर मारपीट, दुकानदार ने लगाई लूट और जानलेवा हमले का आरोप।
संजय यादव अयोध्या
तारून थाना क्षेत्र गयासपुर स्थित अंग्रेजी व बीयर की कंपोजिट दुकान के बाहर गुरुवार रात को हुई मारपीट की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। पीड़ित दुकानदार वीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ भोला सिंह ने थाना तारुन में शिकायती पत्र देकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गौरा निवासी भोला सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी के नाम से गयासपुर चौराहे पर कंपोजिट शराब की दुकान संचालित है। गुरुवार रात्रि लगभग 9:10 बजे दो मोटरसाइकिल पर सवार चार अज्ञात युवक दुकान के सामने पहुंचे और बिना किसी कारण गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर हमलावरों ने उनके पुत्र ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उर्फ डब्लू पर अचानक हमला कर दिया और उन्हें जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा।भोला सिंह का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उनकी जेब में रखे दुकान के रुपये भी निकाल लिए। शोर मचाने पर आस-पास के लोग पहुंचे, जिसके बाद हमलावर भाग निकले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।थाना प्रभारी निरीक्षक तारुन लल्लन यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गुत्थमगुत्था की बात सामने आई थी, जिसके आधार पर आरोपियों का शांति भंग में चालान किया गया था। हालांकि, बाद में प्राप्त शिकायती पत्र के आधार पर अब विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





