पश्चिम बंगाल की स्थिति पर डिप्टी सीएम केशव मौर्य का बड़ा हमला—ममता सरकार को बताया दंगाइयों की संरक्षक, 2027 में भाजपा की जीत का दावा।
संजय यादव,अयोध्या।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को अयोध्या में भारतीय जनता पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में न तो तृणमूल कांग्रेस को बहुमत मिलेगा और न ही ममता बनर्जी सत्ता में लौटेंगी।
डिप्टी सीएम ने कहा, “पश्चिम बंगाल में तुष्टिकरण की राजनीति ने सारी सीमाएं लांघ दी हैं। वहां दंगाइयों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। हिंदुओं की हत्याएं हो रही हैं और उन्हें पलायन के लिए मजबूर किया जा रहा है। महिलाओं के साथ जो अत्याचार हो रहे हैं, वे अमानवीय हैं और शब्दों में बयान नहीं किए जा सकते।”
पुलिस लाइन में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के पुलिस भर्ती को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए कहा, “अखिलेश यादव 2027 में सत्ता पाने का सपना देख रहे थे, लेकिन अब उनका सपना चकनाचूर हो चुका है। बौखलाहट में वह उल्टे-सीधे बयानबाजी कर रहे हैं।”
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि “समाजवादी पार्टी के शासनकाल में भर्ती में पैसों का खेल होता था, जबकि हमारी सरकार में पारदर्शी तरीके से भर्ती हो रही है। प्रदेश का युवा संतुष्ट है, और अगर कोई असंतुष्ट है तो वो सिर्फ सपाई हैं।”
वक्फ संशोधन बिल पर बोलते हुए मौर्य ने कहा कि यह देश के 90% मुसलमानों के हित में है और जैसे ही बीजेपी ने जन जागरण अभियान चलाया, विपक्षी दलों में हलचल मच गई। “सपा, कांग्रेस और टीएमसी को डर है कि कहीं यह जन जागरण अभियान सफल न हो जाए और 2027 में मुस्लिम वोटों पर भी उनका दावा खत्म न हो जाए।”
डिप्टी सीएम के अयोध्या आगमन पर पुलिस लाइन हेलीपैड पर उनका भाजपा नेताओं ने भव्य स्वागत किया। स्वागत करने वालों में पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी (खब्बू तिवारी), गोरखनाथ बाबा, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पांडे बादल और पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा समेत कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





