चितौडगढ से नरेन्द्र सेठिया की रिपोर्ट
*लैंगिक हिंसा और बाल विवाह के खिलाफ 6 पंचायतों के 29 गांवों में गूंजेगी जागरूकता की आवाज,रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*
*सभी विभागों, नागर संगठनों, समुदाय की निगरानी और सामूहिक प्रयासों से बाल विवाह जैसी कुरीति और कलंक को मिटाने में सफलता प्राप्त की जा सकती है – अरुण कुमावत*
कपासन
संविधान दिवस के अवसर पर 16 दिवसीय अभियान नवाचार संस्थान कपासन दवारा लैंगिक हिंसा एवं बाल विवाह के विरुद्ध जन जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विकास अधिकारी मुकेश पोरवाल एवं तहसीलदार भंवर लाल सेन की उपस्थिति में जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।इसी क्रम में न्यायिक अधिकारी सुश्री निष्ठा पांडे एवं सुश्री आयुषी देवपुरा ने लैंगिक हिंसा के विरुध्द जागरूकता पोस्टरों का विमोचन किया। इसके पश्चात अतिथियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया। उक्त जानकारी नवाचार संस्थान सचिव अरुण कुमावत ने प्रदान करते हुए सभी सरकारी विभागों, जन प्रतिनिधियों, नागर समाज एवं समुदाय को एक जुट होकर प्रयास करते हुए इस सामाजिक बुराई को समाज से हटाना होगा।
*6 ग्राम पंचायतों के 29 गांवों तक पहुंचेगा जागरूकता का संदेश*
नवाचार संस्थान द्वारा संचालित इस विशेष अभियान के अंतर्गत जागरूकता रथ कपासन क्षेत्र की 6 ग्राम पंचायतों के 29 गांवों तक पहुंचेगा। अभियान के माध्यम से महिलाओं, किशोरियों, किशोरों एवं ग्रामीण समुदाय को लैंगिक हिंसा के विभिन्न स्वरूपों, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, दहेज प्रथा, लैंगिक भेदभाव तथा ऑनलाइन हिंसा के प्रति जागरूक किया जाएगा।रथ के माध्यम से ग्रामीणों को महिलाओं एवं बालिकाओं के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, हिंसा के दुष्परिणामों, उपलब्ध सहायता सेवाओं तथा शिकायत एवं न्याय प्राप्ति की प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही समुदाय को सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाने और हिंसा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
*लोककला और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी पहुंचेगा जागरूकता का संदेश*
अभियान को और अधिक प्रभावी एवं जन सहभागितापूर्ण बनाने के लिए कला जत्था की लोक कलाकारों की टीम भी गांव गांव पहुंचकर समुदाय को जागरूक करेगी। टीम द्वारा पारंपरिक लोकगीतों, लोक नृत्य, संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से बाल विवाह, लैंगिक हिंसा, घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा और लैंगिक असमानता जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों को रोचक एवं प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। स्थानीय लोककला और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों के माध्यम से ग्रामीणों, महिलाओं, किशोरियों एवं युवाओं को सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाने तथा समानता, सुरक्षा और सम्मान आधारित समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
*16 दिवसीय अभियान के तहत समुदाय की होगी सक्रिय भागीदारी*
यह पहल 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक चलने वाले 16 दिवसीय अभियान से जुड़ी है। अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना ही नहीं, बल्कि महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित, समानतापूर्ण और सम्मान जनक सामाजिक वातावरण विकसित करना है। इसके अंतर्गत ग्राम चौपाल, महिला समूह बैठक, किशोरी संवाद, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर अभियान, सामुदायिक चर्चा एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।नवाचार संस्थान के सचिव अरुण कुमावत ने बताया कि समाज में लैंगिक हिंसा एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी आवश्यक है। महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ पुरुषों एवं युवाओं की सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करना भी अभियान की प्राथमिकता है।
संस्था की अध्यक्ष सुमन दाधीच ने बताया कि जागरूकता रथ गांव गांव और ढाणी ढाणी पहुंचकर आमजन को कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी देगा। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता और सामुदायिक सहयोग को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के दोरान नवाचार संस्थान से जीतेन्द्र कुमार यादव, मंजू शर्मा,शोभा लाल भील,चंदा माली, नोसर गाडरी,पूजा नायक एव पैनल अधिवक्ता पुरुषोत्तम योगी, पूर्व बार अध्यक्ष राधेश्याम वैष्णव, अधिवक्ता विनय खटीक, रोशन लाल जाट, राजा सुवालका, न्यायालय स्वयंसेवक ऋषिराज भट्ट, शाहिरुख, शंभूलाल सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432




