जंगल की संपदा को बाजार की संजीवनी.वन प्रबंधन की एक दूरदर्शी पहल।

SHARE:

चितौडगढ से नरेन्द्र सेठिया की रिपोर्ट

जंगल की संपदा को बाजार की संजीवनी.वन प्रबंधन की एक दूरदर्शी पहल।

र

चित्तौड़गढ़

​अक्सर हमारी व्यवस्था में नीतियां तो बन जाती हैं, किंतु जमीनी स्तर पर उनके क्रियान्वयन की कड़ियां अधूरी रह जाती हैं। वनों के संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को जोड़ने के उद्देश्य से गठित वन सुरक्षा एवं प्रबंधन समितियां (VFPMC) वर्षों से वन उपज तो एकत्रित कर रही हैं, परंतु विपणन (मार्केटिंग) के अभाव में यह अमूल्य संपदा या तो औने-पौने दामों पर बिचौलियों की भेंट चढ़ जाती थी या फिर व्यर्थ चली जाती थी । इसी जड़ता को तोड़ते हुए चित्तौड़गढ़ के उप वन संरक्षक (DCF) वी. केतन (IFS) ने जो पहल की है, वह प्रशासनिक संवेदनशीलता और व्यावहारिक सोच का एक अनुकरणीय उदाहरण है ।
​शुक्रवार को स्वयं वी. केतन का अपने समस्त उच्चाधिकारियों, आठों रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारियों और ग्रामीण समितियों के सदस्यों के साथ मध्य प्रदेश की प्रसिद्ध नीमच कृषि उपज एवं औषधि मंडी पहुँचना, महज एक औपचारिक दौरा नहीं है, बल्कि यह वन प्रबंधन की दशा और दिशा बदलने वाला एक क्रांतिकारी कदम है। जब विभाग का मुखिया स्वयं फाइलों के जाल से निकलकर मंडी की धूल फांकता है, व्यापारियों से मोलभाव की बारीकियां समझता है और ग्रामीणों को सीधे बाजार से जोड़ने का सेतु बनता है, तब बदलाव केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर दिखता है।
​इस अध्ययन दौरे ने एक ऐसे सत्य को उजागर किया है, जो अब तक हमारी दृष्टि से ओझल था। जिन वनस्पतियों और अवशेषों को हम अब तक ‘खरपतवार’ या ‘कचरा’ समझकर अनदेखा करते रहे हैं, नीमच की मंडी में वे ही ‘हरा सोना’ साबित हो रहे हैं। भूमि आंवला छह हजार रुपये प्रति क्विंटल, नीम के पत्ते साढ़े तीन हजार रुपये, मेहंदी के पत्ते पाँच हजार रुपये और सूखी अदरक बाईस हजार रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रही है। यहाँ तक कि नीम की निंबोली, बेल के फल के सूखे छिलके और तुलसी के अवशेष भी नकद नारायण बन रहे हैं। अपामार्ग, गोखरू, शतावरी, अश्वगंधा और बबूल की फलियां—ये वे तमाम औषधियां हैं, जो मेवाड़ के जंगलों और किसानों की मेड़ों पर सहजता से उपलब्ध हैं।
​यह दौरा इस बात का प्रमाण है कि अभाव संसाधनों का नहीं, बल्कि सही जानकारी और बाजार से जुड़ाव का था। मंडी सचिवों और व्यापारियों के साथ हुए सीधे संवाद ने वन विभाग की टीम और ग्रामीणों की ‘डिक्शनरी’ में समृद्धि के नए अध्याय जोड़ दिए हैं। अब वनवासियों को अपनी उपज के खरीदार ढूँढने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, क्योंकि उन्हें सीधा और पारदर्शी बाजार मिल गया है।
​आवश्यकता इस बात की है कि नीमच मंडी से प्राप्त इस ज्ञान को अब एक ठोस कार्ययोजना में बदला जाए। वन विभाग को चाहिए कि वह क्लस्टर स्तर पर संग्रहण केंद्र विकसित करे और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप इन औषधियों के प्रसंस्करण व पैकेजिंग का प्रशिक्षण दे। यदि यह मॉडल सफल होता है, तो चित्तौड़गढ़ के जंगल न केवल हरे-भरे रहेंगे, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ भी बनेंगे। वी. केतन और उनकी पूरी टीम की यह दूरदर्शिता निश्चित रूप से ‘वन से धन’ की परिकल्पना को साकार करने वाली साबित होगी ।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment