रामनगरी में गूंजेंगी हरिवंशराय बच्चन की स्मृतियां, अमिताभ बच्चन बनाएंगे मेमोरियल
अयोध्या। रामनगरी से सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का रिश्ता अब और गहरा होने जा रहा है। उनके पिता और हिंदी साहित्य के प्रसिद्ध कवि डॉ. हरिवंशराय बच्चन की स्मृति में अयोध्या में भव्य मेमोरियल बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए डॉ. हरिवंशराय बच्चन मेमोरियल ट्रस्ट ने अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) से मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू कर दी है।मेमोरियल के लिए दशरथ पथ के किनारे अभिनंदन लोढ़ा ग्रुप के ‘द सरयू प्रोजेक्ट’ में करीब 15 करोड़ रुपये की जमीन खरीदे जाने की जानकारी है। ट्रस्ट की ओर से एडीए में मानचित्र स्वीकृति के लिए आवेदन किया गया है। एडीए सचिव राजेश कुमार मिश्रा के अनुसार, प्रारंभिक प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव पर 15 दिन के भीतर आपत्तियां मांगी गई हैं।
तेजी से विकसित हो रहा दशरथ पथ क्षेत्र
प्रस्तावित मेमोरियल स्थल के आसपास आधुनिक सुविधाओं वाली आवासीय परियोजनाओं के साथ फाइव स्टार होटल का निर्माण भी चल रहा है। ऐसे में हरिवंशराय बच्चन की स्मृति में बनने वाला यह मेमोरियल अयोध्या के साहित्यिक और सांस्कृतिक परिदृश्य में नया आकर्षण बन सकता है।
हरिवंशराय बच्चन की स्मृतियों को रामनगरी से जोड़ने की यह पहल साहित्य और सिनेमा जगत के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मानचित्र स्वीकृति और अन्य अनुमति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेमोरियल के स्वरूप और प्रस्तावित सुविधाओं की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





