चितौडगढ नरेन्द्र सेठिया की रिपोर्ट शनिधाम जाशमा मंगरा में जिला स्तरीय प्रारम्भिक शारीरिक शिक्षक संगोष्ठी का भव्य शुभारंभ
कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने किया उद्घाटन, भूपालसागर में खेल भवन के लिए 15 लाख की स्वीकृति
विशिष्ट कार्य करने वाले शारीरिक शिक्षक सम्मानित; कबड्डी व हॉकी खेल तकनीक पर विशेषज्ञों ने दिया प्रशिक्षण
भूपालसागर। उपखण्ड क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शनिधाम जाशमा मंगरा परिसर में सोमवार को प्रारंभिक शिक्षा विभाग चित्तौड़गढ़ के तत्वावधान व शारीरिक शिक्षक संघ भूपालसागर की मेजबानी में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रारम्भिक शारीरिक शिक्षक संगोष्ठी (सत्र 2026-27) का भव्य शुभारंभ हुआ।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर थे, इस अवसर पर पूर्व प्रधान व भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमेन्द्र सिंह राणावत, ग्राम पंचायत जाशमा के प्रशासक देवीलाल जूनी, भाजपा वरिष्ठ नेता लीलाधर जोशी, बलवन्त सिंह ओस्तवाल, भाजपा एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष पन्नालाल भील, मण्डल महामंत्री कमलेश गाडरी तथा भेरूलाल लौहार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
जबकि अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लक्ष्मण सिंह चुण्डावत ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में शनिधाम मंदिर मंडल अध्यक्ष शांतिलाल जाट सहित अनेक जनप्रतिनिधि व संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह में उत्कर्ष विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जगाएं शिक्षक: विधायक जीनगर
मुख्यातिथि विधायक जीनगर ने संबोधित करते हुए कहा कि शारीरिक शिक्षकों पर देश का महत्वपूर्ण दायित्व है। शिक्षक केवल खेल प्रतिभाओं को निखारने तक सीमित न रहें, बल्कि बच्चों में जीवन के संघर्षों का सामना करने का आत्मविश्वास जगाएं। उन्होंने कहा कि खेलों से बच्चों का शारीरिक व मानसिक विकास होता है। सीबीईओ लक्ष्मण सिंह चुण्डावत ने कहा कि शारीरिक शिक्षक नए भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
भूपालसागर में बनेगा खेल भवन, 15 लाख की घोषणा
समारोह के दौरान शारीरिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष तिलकेश आचार्य एवं शिक्षकों की मांग पर त्वरित संज्ञान लेते हुए विधायक जीनगर ने भूपालसागर में खेल भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति देने की घोषणा की। साथ ही, चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी से आग्रह कर पूरे विधानसभा क्षेत्र के उपखण्डों पर खेल अवस्थापना विकसित करने का आश्वासन दिया।
शिक्षकों ने सौंपा मांगों का ज्ञापन
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को ज्ञापन सौंपकर प्रमुख मांगें रखीं। इसमें प्राथमिक विद्यालयों में 105 नामांकन की शर्त हटाकर शारीरिक शिक्षक का पद अनिवार्य रूप से सृजित करने, तृतीय श्रेणी शारीरिक शिक्षकों के स्थानांतरण मंत्रालयिक कर्मचारियों की तर्ज पर अलग से करने तथा म्यूचुअल (पारस्परिक) स्थानांतरण की छूट पूरे वर्ष लागू रखने की मांगें शामिल हैं।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले शारीरिक शिक्षक हुए सम्मानित
संगोष्ठी के पहले दिन कबड्डी विशेषज्ञ शांतिलाल खटीक एवं हॉकी विशेषज्ञ रईस मोहम्मद ने तकनीकी जानकारी व प्रशिक्षण दिया। वहीं, खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कराने वाले शारीरिक शिक्षकों—कैलाश चंद्र जाट, कान सिंह राठौड़, डूंगर सिंह राजपूत, मनोज राजोरा, नानालाल पुर्बिया, रतनलाल गाडरी व नानालाल जाट को अतिथियों ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष तिलकेश आचार्य व वाकपीठ सचिव पारस कुमार टेलर ने संयुक्त रूप से किया। प्रारंभ में संतोष भट्ट, भगवतीलाल मेनारिया व मोहनलाल छींपा के नेतृत्व में अतिथियों का स्वागत किया गया। अंत में सीबीईओ चुण्डावत ने आभार जताया। संगोष्ठी का समापन मंगलवार (28 जुलाई) को दोपहर 2:00 बजे होगा।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





