चितौडगढ नरेन्द्र सेठिया की रिपोर्ट
चितौडगढ जिलें के भदेसर उपखंड क्षेत्र के पीपलवास ग्राम पंचायत मुख्यालय स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मुख्य द्वार पर ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने ताला लगा दिया। यह विरोध शिक्षा विभाग द्वारा जारी स्थानांतरण सूची के बाद शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की मांग को लेकर किया जा रहा है।
राज्य सरकार द्वारा शिक्षा विभाग में स्थानांतरण सूची जारी होने के बाद भदेसर क्षेत्र के कई विद्यालयों में शिक्षकों के पद रिक्त हो गए हैं, जिससे शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहा है। भदेसर उपखंड मुख्यालय के मॉडल स्कूल और घनेत विद्यालय सहित कई जगहों पर शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं।
पीपलवास के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 1 से 12 तक 350 से अधिक छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। इस वर्ष यहां से तीन लेक्चरर और तीन सेकंड ग्रेड अध्यापकों का स्थानांतरण हो गया है। इसके अतिरिक्त, एक सेकंड ग्रेड अध्यापक का पद पहले से ही रिक्त था, जिसमे हिन्दी गणित विज्ञान अग्रेजी के विषय के पढ़ने वाले अध्यापक का पद रिक्त होने से जिसमें कुल सात शिक्षकों के पद खाली हो गए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने विद्यालय के शिक्षकों को भी अंदर प्रवेश नहीं करने दिया। ग्रामीणों और छात्रों की मुख्य मांग है कि छात्रों के भविष्य को देखते हुए रिक्त पदों पर शिक्षकों की तुरंत नियुक्ति की जाए। उन्होंने नारेबाजी करते हुए कहा कि जब तक शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इसे छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया और रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की मांग की। ग्रामीणों ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, संस्था प्रधान और अन्य जनप्रतिनिधियों से भी इस संबंध में तुरंत कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





