कल महिला सम्मान समारोह आयोजित होगा।

SHARE:

महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत 8 जुलाई को ऑडिटोरियम में महिला वॉलंटियर्स के साथ संवाद एवं महिला सम्मान समारोह आयोजित होगा।

चित्तौड़गढ़, 07 जुलाई 2026। महानिदेशक पुलिस, राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार संचालित “महिला सुरक्षा संकल्प – Safety and Dignity for Every Woman” राज्य स्तरीय अभियान के तहत 08 जुलाई 2026 को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक जिला मुख्यालय स्थित इंदिरा प्रियदर्शनी ऑडिटोरियम में महिला वॉलंटियर्स के साथ संवाद एवं महिला सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति प्रत्येक स्तर पर जनजागरूकता बढ़ाना, महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं तथा राजस्थान पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करना है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में सुरक्षा सखी, महिला सीएलजी सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, राजीविका से जुड़ी महिलाएं, साथिन, एनएसएस एवं एनसीसी स्वयंसेवक, स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) के प्रतिनिधि, विद्यालय एवं महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षिकाएं, एएनएम, जीएनएम, महिला अधिवक्ता, आशा सहयोगिनी, गृहिणियां तथा महिला छात्रावास वार्डन सहित महिला वॉलंटियर्स भाग लेंगी।
कार्यक्रम के दौरान आत्मरक्षा प्रशिक्षण का प्रदर्शन किया जाएगा तथा राजकॉप सिटीजन ऐप, महिला गरिमा हेल्पलाइन-1090, साइबर हेल्पलाइन-1930, साइबर सुरक्षा के Do’s एवं Don’ts, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना, जन वरिष्ठ संबल योजना (Senior’s Not Alone), महिला बीट अधिकारी योजना, नवीन न्याय संहिता, महिला अपराधों में दण्ड के प्रावधान, वन स्टॉप सेंटर, विशाखा गाइडलाइन एवं कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (POSH Act), SHe-Box, POCSO e-Box, पोक्सो एक्ट तथा नौकर एवं किरायेदार सत्यापन सहित महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
जिला पुलिस ने सभी आमंत्रित प्रतिभागियों से 08 जुलाई को प्रातः 11:00 बजे ऑडिटोरियम में समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम में सहभागिता निभाने तथा महिला सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में अपना योगदान देने की अपील की है।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment