ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य अनिल मिश्रा, गोपाल राव के विरुद्ध मुकदमे की मांग को लेकर सड़क पर उतरे वकील
बैरिकेडिंग तोड़ी, पुलिस से धक्का-मुक्की
अयोध्या। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य अनिल मिश्रा और गोपाल राव के विरुद्ध
मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर गुरुवार को अयोध्या की कचहरी से बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में वकील कचहरी परिसर से राम पथ होते हुए थाना राम जन्मभूमि की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए सिविल लाइन पुलिस चौकी के पास बैरिकेडिंग की, लेकिन प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दी। इस दौरान पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं की मांग थी कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य अनिल मिश्रा और गोपाल राव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाए। अधिवक्ताओं ने आरोपों के संबंध में थाना राम जन्मभूमि में कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी।पुलिस अधिकारियों द्वारा अधिवक्ताओं को समझाने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने सिविल लाइन पुलिस चौकी के पास ही तहरीर सौंपी। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर उसकी रिसीविंग भी अधिवक्ताओं को उपलब्ध कराई, जिसके बाद तत्काल के लिए प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि अधिवक्ताओं का आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि केवल स्थगित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो अधिवक्ता बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी और समझाइश के जरिए मामला शांत कराया। फिलहाल पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर अग्रिम विधिक कार्रवाई का भरोसा दिया है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





