चितौडगढ,नरेन्द्र सेठिया
वरिष्ठ पत्रकार एवं आईएफडब्ल्यूजे जिलाध्यक्ष ओम भट्ट सड़क दुर्घटना में गंभीर घायल, अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी
चित्तौड़गढ़।
इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) संगठन के चित्तौड़गढ़ जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार ओम भट्ट सोमवार देर रात सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए जिला सांवलिया जी हॉस्पिटल अस्पताल सांवलिया जी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओम भट्ट सोमवार रात करीब 12:30 बजे निम्बाहेड़ा रोड से बाइक द्वारा चित्तौड़गढ़ की ओर आ रहे थे। इसी दौरान कृषि विभाग के सीताफल केंद्र के सामने एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
टक्कर के बाद ओम भट्ट गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे बेहोशी की अवस्था में पड़े रहे। करीब पांच घंटे बाद उन्हें होश आने पर उन्होंने अपने करीबी मित्र को फोन कर दुर्घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मित्र मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल सांवलिया जी चिकित्सालय पहुंचाया।
चिकित्सकीय जांच में उनके दाहिने हाथ और बाईं कोहनी में फ्रैक्चर तथा चेहरे पर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिले के पत्रकारों में चिंता और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया। पत्रकार संगठनों ने दुर्घटना के जिम्मेदार अज्ञात वाहन चालक की शीघ्र पहचान कर उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





