राम मंदिर परिसर में मां भगवती मंदिर पर हुआ ध्वजारोहण।

SHARE:

राम मंदिर परिसर में मां भगवती मंदिर पर हुआ ध्वजारोहण, साध्वी निरंजन ज्योति ने रवि शर्मा के आवास पर की भेंट
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र परिसर में नव-प्रतिष्ठित मां भगवती जगदंबा मंदिर के शिखर पर गुरुवार को भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राम मंदिर के इतिहास में 29 मई की यह तिथि एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज हो गई।
ध्वजारोहण कार्यक्रम में राम मंदिर आंदोलन की प्रखर वक्ता साध्वी ऋतंभरा तथा साध्वी निरंजन ज्योति ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर शिखर पर ध्वज फहराया। दोनों साध्वियों ने विधिवत पूजन-अर्चन के उपरांत ध्वज की रस्सी खींचकर ध्वजारोहण किया।
ध्वजारोहण से पूर्व राम मंदिर की यज्ञशाला में विशेष अनुष्ठान एवं हवन का आयोजन किया गया। वैदिक आचार्यों द्वारा विधि-विधान से ध्वज पूजन संपन्न कराया गया, जिसके पश्चात शिखर पर ध्वज आरोहित किया गया।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद की महिला इकाई दुर्गा वाहिनी की तीन हजार से अधिक महिला कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। पूरा आयोजन महिला शक्ति को समर्पित रहा, जिसमें महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति और सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम में सम्मिलित होने के बाद केंद्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति भाजपा जिला उपाध्यक्ष रवि शर्मा के आवास पहुंचीं, जहां उन्होंने परिवारजनों से आत्मीय भेंट की। इस दौरान परिवार की ओर से उन्हें श्री रामलला का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। साध्वी निरंजन ज्योति ने परिवार को अपना आशीर्वाद प्रदान किया और श्रीराम जन्मभूमि से जुड़े आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर चर्चा की।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति के उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment