गंगा दशहरा को लेकर डीएम-एसएसपी ने सरयू घाटों का किया निरीक्षण।
अयोध्या। गंगा दशहरा पर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने रविवार को सरयू घाटों और राम की पैड़ी का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने नगर निगम को घाटों पर नियमित सफाई बनाए रखने तथा जलभराव और फिसलन जैसी समस्याओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और पर्व को शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करें।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, एसपी नगर चक्रमणि त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





