दशरथ महल में सजा दिव्य फूल बंगला, दर्शन से भक्त हुए भाव-विभोर
दशरथ महल के फूल बंगला महोत्सव ने मोहा मन
अयोध्या धाम। चक्रवर्ती महाराजा दशरथ जी के महल में शनिवार रात आयोजित फूल बंगला महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सौंदर्य का अनुपम संगम बन गया। बिंदु संप्रदाय की प्रधान पीठ में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में देर रात तक संत-महंत और श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहे। करीब 10 क्विंटल रंग-बिरंगे एवं सुगंधित फूलों से सजे धनुषधारी भगवान की मनोहारी झांकी ने सभी का मन मोह लिया। फूलों की आकर्षक सजावट के बीच विराजमान युगल सरकार का अलौकिक स्वरूप श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करता रहा। पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजता रहा बिंदुगाद्याचार्य महंत देवेंद्र प्रसादाचार्य की अध्यक्षता में रात्रि लगभग आठ बजे महाआरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद भजन-संध्या का दौर शुरू हुआ, जिसमें फूल बंगला में सोहै युगल रसिया, फूलन में सज-धज कर युगल सरकार बैठे हैं… और फूलों में सज रहे हैं श्री वृंदावन बिहारी… जैसे भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया प्रसिद्ध मृदंगाचार्य विजय रामदास, राम किशोर दास, एमबी दास और रामनंदन दास की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में अर्जुनदेवाचार्य कृपालु रामभूषण दास ने कलाकारों को सम्मानित किया। इस अवसर पर महंत कमल नयन दास, जगद्गुरु राम दिनेशाचार्य, महंत अवधेश दास, महंत जन्मेजय शरण, महंत शशिकांत दास और महंत गिरीश पति त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में संत एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





