चितौडगढ,नरेन्द्र सेठिया कि रिपोर्ट
भादसोड़ा
अज्ञात बीमारी पर खबर के बाद प्रशासन हरकत में: भदेसर में उपखंड अधिकारी ने किया दौरा, टीमें जांच में जुटीं
भदेसर कस्बे में एक अज्ञात बीमारी से संबंधित समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। गुरुवार को भदेसर उपखंड अधिकारी रजनी मीणा ने स्वयं स्थिति की निगरानी की। उन्होंने कस्बे की विभिन्न गलियों और मोहल्लों का दौरा किया, ग्रामीणों से बातचीत की और प्रभावित परिवारों के सदस्यों से मुलाकात की। गुरुवार को चित्तौड़गढ़ से जलदाय विभाग की एक टीम भदेसर पहुंची और कस्बे के विभिन्न मोहल्लों से पानी के नमूने एकत्र किए। इसी क्रम में, ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ मुख्यालय से खाद्य निरीक्षक की टीम ने भी विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया और व्यापारियों से चर्चा की। चिकित्सा विभाग ने बुधवार से ही घर-घर जाकर सर्वेक्षण (डोर-टू-डोर सर्वे) शुरू कर दिया था।
खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिओम धाकड़ ने बताया कि बीमारी के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन सभी को सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने भीषण गर्मी में केवल आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने, दही, छाछ और पानी का नियमित सेवन करने की सलाह दी। धाकड़ ने गर्मी से बचाव के लिए ढीले कपड़े पहनने और बीमारी के कोई भी लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लेने का आग्रह किया।
वर्तमान में भदेसर कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में 5 से 7 मरीजों में इस अज्ञात बीमारी के लक्षण देखे गए हैं। इनमें से दो मरीज उपचार के बाद भदेसर लौट आए हैं, जबकि एक मरीज अहमदाबाद में और अन्य मरीज उदयपुर के अस्पताल में अपना इलाज करवा रहे हैं।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





