चितौडगढ,नरेन्द्र सेठिया की रिपोर्ट
काबरा में भक्ति,संस्कृति एवं सामाजिक समरसता के साथ सम्पन्न हुआ भव्य तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव
रेलमगरा । रेलमगरा उपखंड के ग्राम काबरा स्थित बड़ा मंदिर परिसर में तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य रूप में सम्पन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में ग्राम काबरा सहित आसपास के गांवों एवं कोटड़ी क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, युवा एवं भक्तजन बाराती बनकर पहुंचे। पूरे गांव में दिनभर भक्ति, उत्साह एवं मंगलमय वातावरण बना रहा।
श्री चारभुजानाथ मंदिर, कोटड़ी से भगवान शालिग्राम जी की आकर्षक एवं भव्य बारात गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों एवं डीजे की मधुर धुनों के साथ निकाली गई। बारात में शामिल श्रद्धालु भक्ति गीतों पर नाचते-गाते हुए काबरा पहुंचे। गांव में प्रवेश के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया गया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार, आइसक्रीम एवं शीतल पेयों की व्यवस्था की गई, जिससे अतिथियों का आत्मीय सत्कार देखने को मिला।
तुलसी माता का मायरा ग्राम काबरा की ब्रह्मपुरी निवासी श्री विष्णु कुमार जोशी एवं परिवार द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भरा गया। मायरा विशेष रूप से पारंपरिक बैलगाड़ियों में सजाकर लाया गया, जिसने ग्रामीण संस्कृति एवं लोक परंपराओं की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। रंग-बिरंगी सजावट एवं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल ग्रामीणों ने आयोजन को और अधिक आकर्षक बना दिया।
मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ तुलसी माता एवं भगवान शालिग्राम का विवाह सम्पन्न कराया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। आयोजन का विशेष आकर्षण यह रहा कि 72 दंपत्तियों ने सामूहिक रूप से कन्यादान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। धार्मिक मान्यता के अनुसार तुलसी-शालिग्राम विवाह में कन्यादान को अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है, जिसके चलते श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
भक्तजनों एवं ग्रामीणों द्वारा तुलसी माता के “हाथलेवा” में श्रद्धाभाव से लाखों रुपये की राशि अर्पित की गई। विवाह के दौरान महिलाओं द्वारा मंगल गीत एवं भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। देर रात तक भजनों एवं धार्मिक आयोजनों का क्रम चलता रहा।
समस्त ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति के सहयोग से बारातियों, मायरेदारों एवं श्रद्धालुओं के लिए विशाल भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। आयोजन में सामाजिक समरसता एवं सामूहिक सहयोग की अनुपम मिसाल देखने को मिली, जहां सभी समाज एवं वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
ग्रामीणों ने बताया कि काबरा में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ ग्रामीण संस्कृति, परंपरा एवं सामाजिक एकता का भी प्रतीक बन चुका है। आयोजन की सफलता में समस्त ग्रामवासियों, युवाओं एवं भक्तजनों का विशेष योगदान रहा।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





