जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय का किया निरीक्षण।

SHARE:

जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय का किया निरीक्षण, नए भवन निर्माण प्रस्ताव को जल्द दिलाई जाएगी मंजूरी

अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर, वार्डों, ओपीडी व्यवस्था तथा पेयजल सुविधाओं की स्थिति देखी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि नए जिला चिकित्सालय के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और इसकी स्वीकृति के लिए प्रभावी पैरवी की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित भूमि का जल्द निरीक्षण कर निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा ताकि जनपदवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।डीएम ने बताया कि वर्तमान जिला अस्पताल भवन काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। इसी को देखते हुए पुराने सीएमओ कार्यालय एवं उसके पीछे स्थित जर्जर भवनों को ध्वस्त कर वहां नई पांच मंजिला आधुनिक इमारत निर्माण का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान आरडीसी के पास स्थित पुरानी पानी की टंकी का भी मामला सामने आया। इस पर जिलाधिकारी ने जल निगम अधिकारियों को सर्वे कराने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि मरम्मत से टंकी उपयोग योग्य हो सकती है तो उसे दुरुस्त कराया जाए, अन्यथा नए प्रोजेक्ट का प्रस्ताव तैयार किया जाए।अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कई वार्डों में कूलर लगे मिले और मरीजों ने भी व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। हालांकि ओपीडी काउंटर पर कूलर की व्यवस्था न होने पर उन्होंने वहां भी जल्द कूलर लगाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह तथा सीएमएस राजेश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment