आरटीओ ने एआरटीओ कार्यालय सुल्तानपुर का किया औचक निरीक्षण,स्कूल वाहनों पर कसा शिकंजा।
अयोध्या। शासन की मंशा के अनुरूप स्कूल वाहनों के सभी प्रपत्रों को शत-प्रतिशत वैध कराने के उद्देश्य से आरटीओ (प्रशासन) सुश्री ऋतु सिंह ने परिवहन कार्यालय सुल्तानपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद करीब 50 स्कूल वाहन स्वामियों एवं स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक कर उन्हें कड़े निर्देश दिए गए।
बैठक में मोटरयान नियमावली के 26वें (2019) व 28वें (2022) संशोधन के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा गया कि सभी वाहन स्वामी फिटनेस, पंजीयन, पीयूसी व परमिट जैसे प्रपत्र तत्काल वैध कराएं। जिन वाहनों के कुछ प्रपत्र अधूरे हैं, उन्हें 24 घंटे के भीतर पूर्ण कर स्कूल यान परमिट के लिए आवेदन करने की सख्त चेतावनी दी गई।
डीआईओएस व बीएसए कार्यालय के प्रतिनिधियों ने भी चेताया कि अपूर्ण प्रपत्र वाले स्कूलों का यूडीआईएस कोड बंद कराया जा सकता है और प्रशासनिक कार्रवाई भी होगी। अधिकारियों ने बताया कि बिना फिटनेस व परमिट वाले वाहनों के खिलाफ चालान व बंदी की कार्रवाई जारी है। अब तक 434 नोटिस जारी किए गए हैं और 174 वाहनों के पंजीयन निलंबित किए जा चुके हैं।
कुछ स्कूल प्रबंधन जैसे यश कॉन्वेंट, जीडी गोयनका, गोपाल कॉन्वेंट व सूर्या स्कूल ने तत्काल प्रपत्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया, जबकि सेंट जेवियर्स और टैनी टाट्स स्कूलों के प्रपत्र पूर्ण पाए जाने पर उनकी सराहना की गई। वहीं, शेरवुड कॉलेज के वाहनों पर कार्रवाई के बावजूद प्रपत्र अधूरे मिलने पर नाराजगी जताई गई।आरटीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्कूल वाहनों में निर्धारित मानक जैसे पीला रंग, आपातकालीन द्वार, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, महिला परिचारिका, चालक का वैध लाइसेंस व चरित्र सत्यापन आदि अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही सीट के नीचे सीएनजी टैंक न लगाने और वाहन की समुचित स्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान राजस्व वसूली की स्थिति संतोषजनक पाई गई, जहां अप्रैल माह में लक्ष्य के सापेक्ष 98 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि दर्ज की गई। हालांकि डेटा क्लीनिंग व वाहन निरीक्षण में लापरवाही पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।आरटीओ ने कार्यालय में अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक, बायोमैट्रिक कर्मचारियों को पहचान पत्र धारण करने, तथा जनसेवा केंद्रों की नियमित जांच के भी निर्देश दिए। गर्मी के मौसम को देखते हुए अग्निशमन व विद्युत सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता करने को कहा गया।अंत में सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए सड़क सुरक्षा, प्रवर्तन एवं राजस्व लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





