अयोध्या में नजूल जमीन पर अवैध कब्जे का खुलासा,प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई।
अयोध्या –
अयोध्या की रामनगरी में नजूल की जमीन पर अवैध कब्जे और प्लॉटिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अवैध रूप से विकसित किए गए प्लॉटों पर कार्रवाई की और कई कब्जों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जिला प्रशासन, पुलिस बल और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। उप जिलाधिकारी सदर राम प्रसाद त्रिपाठी ने बताया कि ताज मोहम्मद ने 22 लोगों को जमीन अपनी पैतृक संपत्ति बताकर मौखिक रूप से 10 हजार से 50 हजार रुपये तक में बेच दी थी। जांच में सामने आया कि यह जमीन नजूल की है, जिस पर किसी प्रकार का निजी स्वामित्व नहीं हो सकता। मामले का खुलासा होने के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अवैध प्लॉटिंग को हटाया और जमीन को खाली कराया।
उप जिलाधिकारी सदर ने बताया कि इस मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और संबंधित आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। आरोपी ताज मोहम्मद मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
वहीं स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इस पूरे प्रकरण में नजूल के लेखपाल राम वृक्ष की मिलीभगत हो सकती है। बताया जा रहा है कि संबंधित लेखपाल पर पहले भी इस तरह के आरोप लग चुके हैं। क्षेत्राधिकारी अयोध्या ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





