पुलिस स्थापना दिवस हमें गर्व की अनुभूति देता है- पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी।

SHARE:

चितौडगढ नरेन्द्र सेठिया।

पुलिस स्थापना दिवस हमें गर्व की अनुभूति देता है- पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी।
130 पुलिसकर्मी हुए सम्मानित, पौधारोपण और रक्तदान शिविर सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित।
चित्तौड़गढ़ ।

राजस्थान पुलिस का 77 वां स्थापना दिवस गुरुवार को पुलिस लाइन में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सराहनीय कार्य करने पर 130 पुलिसकर्मियों का सम्मान किया गया। पौधारोपण व रक्तदान शिविर सहित अन्य कई कार्यक्रम आयोजित हुए। पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी सहित जिले के कई पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस स्थापना दिवस पर आयोजित परेड का निरीक्षण श्री मनीष त्रिपाठी ने किया, परेड कमांडर अनिल पांडे संचित निरीक्षक के नेतृत्व में सलामी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने राजस्थान पुलिस दिवस पर मौजूद पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं और बधाई दी। पुलिस विभाग में कर्तव्य निष्ठा एवं सराहनीय सेवाओं के लिए 10 वर्ष की लगातार बेदाग सेवा पूर्ण करने पर जिले के 20 पुलिसकर्मियों सर्वोत्तम सेवा चिन्ह तथा 54 पुलिसकर्मियों को अति उत्तम सेवा चिन्ह व 56 पुलिस कर्मी को उत्तम सेवा चिन्ह तथा प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कार्मिकों द्वारा उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए।
इसी क्रम में जनसेवा एवं मानवता के प्रति समर्पण की भावना को प्रदर्शित करते हुए पुलिस लाइन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जिसमें पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 34 यूनिट रक्तदान किया।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष राजस्थान में पुलिस के समस्त विभागों द्वारा 16 अप्रैल को राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस मनाया जाता है। 16 अप्रैल 1949 को सभी रियासतों की पुलिस ने विलीनीकरण करके राजस्थान पुलिस की स्थापना की थी।
पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने इस अवसर पर कहा कि राजस्थान पुलिस अपनी गौरवशाली परंपराओं के अनुरूप कानून व्यवस्था शांति एवं सद्भाव को बनाए रखने के साथ हिंसा और अपराध की रोकथाम के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। पुलिस के जवानों ने नागरिकों की जान माल की सुरक्षा के लिए अनेक अवसरों पर त्याग एवं बलिदान के अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। पुलिस की कार्य प्रणाली में निरंतर सुधार लाने के साथ ही आम नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य कर पुलिस और निरंतर जनमित्र की भूमिका निभाने के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने ध्येय वाक्य आमजन में विश्वास और अपराधियों में डर को ध्यान में रखकर सदैव नागरिकों की सेवा के लिए तत्पर रहें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी के अलावा एएसपी सरिता सिंह , एएसपी भगवत सिंह ही़गड़ सहित जिले के पुलिस उप अधीक्षक व कई थानाधिकारियों के साथ पुलिस कर्मी उपस्थित थे।
पुलिस दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को पुलिस लाइन में पुलिस के जवानों अधिकारियों व परिवार के सदस्यों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें पुलिसकर्मी के बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से वहां उपस्थित सभी लोगों व अधिकारियों का मन मोह लिया। इसी तरह से विभिन्न परीक्षाओं में बेहतर नंबर प्राप्त करने वाले बच्चों, मेधावी छात्रों व खेलकूद प्रतियोगिता में पुरस्कार प्राप्त को भी सम्मानित किया गया। जिन्हें पुलिस अधीक्षक ने मोमेंटो व प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment