स्मार्ट मीटर समस्याओं के समाधान हेतु कैंप लगाने के निर्देश।
अयोध्या। नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ अधीक्षण अभियन्ता कार्यालय के सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न क्षेत्रों में कैंप लगाकर स्मार्ट मीटर से संबंधित आ रही समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने बिजली घरों पर हेल्प डेस्क स्थापित करने के भी निर्देश दिए, जिससे उपभोक्ता अपनी शिकायतें आसानी से दर्ज करा सकें और उनका शीघ्र समाधान हो सके।
इसके अलावा उन्होंने अयोध्या धाम में सड़कों पर लगे जंक्शन बॉक्स को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराने, जर्जर एवं कमजोर तारों को बदलने तथा कमजोर खंभों के स्थान पर नए खंभे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ बनेगी।
गर्मी के मौसम को देखते हुए विधायक ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर कमजोर हैं, उन्हें तत्काल बदला जाए और जहां आवश्यकता हो, वहां उनकी क्षमता बढ़ाई जाए, ताकि बढ़ती बिजली खपत के दौरान आपूर्ति बाधित न हो।
बैठक में अधीक्षण अभियन्ता अयोध्या मंडल विनय कुमार, मुख्य अभियन्ता बृजेश कुमार, अधिशासी अभियन्ता आतिश कुमार, वैभव आनंद, मनीष चौबे, रविकांत सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





