अयोध्या में महंत सीताराम शरण महाराज की 28वीं पुण्यतिथि धूमधाम से संपन्न
अयोध्या के लक्ष्मण घाट स्थित श्री लक्ष्मण किला में हमारे परम पूज्य सतगुरुदेव भगवान दादा गुरुदेव स्वामी श्री सीताराम शरण जी महाराज (लक्ष्मण किलाधीश सरकार) की 28वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। महाराज जी के साकेत वास के 28 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पांच दिवसीय भव्य पारायण एवं बृहद भंडारे का आयोजन किया गया।
इस पावन अवसर पर आचार्य पीठ श्री लक्ष्मण किला के संस्थापक रस के आचार्य स्वामी श्री रघुनाथ शरण जी महाराज द्वारा रचित श्रीराम कांति, श्रीधाम कांति, संत विनय, आचार्य वंदन आदि ग्रंथों का प्रथम दिवस से पंचम दिवस तक स्वर्गीय गायन एवं विधिवत पारायण हुआ। समापन दिवस पर होली उत्सव के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया।
कार्यक्रम हमारे पूज्य गुरुदेव श्री मैथिली रमन शरण जी महाराज के संरक्षण एवं अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर अयोध्या के अनेक पूज्य संत-महंतों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें रसिक पीठाधीश्वर श्री जन्मेजय शरण जी महाराज, बड़ा भक्तमाल के महंत श्री अवधेश कुमार दास जी महाराज, श्री हनुमत निवास के महंत आचार्य श्री मिथिलेश नंदिनी शरण जी महाराज, हनुमत सदन के श्री अवध किशोर शरण जी महाराज, श्री अर्जुन द्वाराचार्य, जगतगुरु कृपालु राम भूषण दास जी महाराज, हनुमान गढ़ी के श्री राम कुमार दास जी महाराज, श्री बलराम दास जी महाराज सहित अनेक संत-महंत एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
साथ ही पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह जी भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर महाराज जी को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
सभी संत-महंतों एवं भक्तजनों ने महंत सीताराम शरण महाराज के श्रीचरणों में पुष्पांजलि अर्पित कर उनके दिव्य व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया तथा आशीर्वाद की कामना की कि हम सभी उनके बताए मार्ग, पाठ और पदचिह्नों पर चल सकें। भंडारे में दूर-दूर से आए संत, महंत और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस प्रकार महंत सीताराम शरण महाराज की 28वीं पुण्यतिथि अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुई।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





