पशु चिकित्सालय बना ‘नो-डॉक्टर जोन’, जनता परेशान
*ड्यूटी टाइम पर गायब रहते हैं डॉक्टर, शिकायत पर अफसरों का गैर-जिम्मेदाराना रवैया*
अयोध्या।सरकारी दावों के विपरीत अयोध्या स्थित पशु चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह पटरी से उतरती नजर आ रही हैं। अस्पताल में तैनात पशु चिकित्सक अरुणेंद्र सचान पर ड्यूटी के दौरान नियमित रूप से अनुपस्थित रहने के गंभीर आरोप लग रहे हैं, जिससे पशुपालकों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल परिसर में डॉक्टर की उपस्थिति का समय दीवार पर स्पष्ट रूप से अंकित है, लेकिन हकीकत में इसका पालन नहीं किया जा रहा। गुरुवार को अधिवक्ता वैभव सिंह अपने पालतू कुत्ते के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टर मौजूद नहीं मिले। काफी देर इंतजार के बावजूद कोई जिम्मेदार अधिकारी उपलब्ध नहीं हुआ।स्थानीय लोगों का कहना है कि डॉक्टर साहब अक्सर अस्पताल नहीं आते, इसके बावजूद उनकी उपस्थिति रजिस्टर में हाजिरी पूरी रहती है और वेतन भी नियमित रूप से लिया जा रहा है। इससे विभागीय व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले से परेशान होकर जब अधिवक्ता ने लखनऊ स्थित हेड ऑफिस में शिकायत दर्ज कराई, तो वहां से उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उल्टा उनसे यह कहा गया कि उन्होंने वहां फोन क्यों किया। इस रवैये से विभागीय अधिकारियों की संवेदनहीनता उजागर होती है।
पशुपालकों का कहना है कि समय पर इलाज न मिलने से कई बार पशुओं की हालत गंभीर हो जाती है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। अस्पताल की लापरवाही से जनता का भरोसा लगातार टूटता जा रहा है।अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





