तीन दिवसीय गुरु उत्सव का भव्य समापन, महाराजश्री मानस आचार्य अवध किशोर दास महाराज (96) के जन्मदिन पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
अयोध्या।
सनातन परंपराओं के अनुरूप मठ में आयोजित तीन दिवसीय गुरु उत्सव का समापन आज अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यह विशेष आयोजन महाराजश्री मानस आचार्य अवध किशोर दास महाराज के 96वें जन्मदिन के अवसर पर किया गया, जिसकी अगुवाई वर्तमान महंत कमलेश्वर दास महाराज ने की। संपूर्ण कार्यक्रम में धार्मिक आस्था, गुरु-शिष्य परंपरा तथा सेवा भाव का अद्भुत संगम देखने को मिला।
प्रथम दिवस गुरु परंपरा के निर्वहन स्वरूप भव्य पटोत्सव का आयोजन किया गया। इसके साथ ही भगवान श्रीराम की अलौकिक राम बारात निकाली गई, जिसमें ढोल-नगाड़ों, पुष्प वर्षा एवं भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु झूमते नजर आए। तत्पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राम विवाह का दिव्य आयोजन हुआ, जिसने संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया। राम-सीता विवाह की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
द्वितीय दिवस को परंपरागत कलेवा प्रसाद का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दूर-दराज से आए साधु-संतों, महंतों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन भजन, सत्संग एवं गुरु महिमा का गुणगान होता रहा।
तृतीय एवं अंतिम दिवस महाराजश्री मानस आचार्य अवध किशोर दास महाराज के 96वें जन्मदिन उत्सव के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। प्रातः विशेष पूजन-अर्चन, गुरु वंदना एवं आरती के बाद महाराजश्री के दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। इसके उपरांत विशाल भोजन प्रसाद (भंडारा) का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया।
वर्तमान महंत कमलेश्वर दास महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि गुरु का जीवन समाज को दिशा देने वाला होता है और महाराजश्री अवध किशोर दास महाराज का तपस्वी व साधनामय जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी भक्तों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
तीन दिवसीय गुरु उत्सव के दौरान मठ परिसर में अनुशासन, सेवा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। आयोजन के सफल संचालन में शिष्यगण, सेवक दल एवं स्थानीय श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





