धापू बाई कॉलेज प्रशासन का बयान-आरोप निराधार,राजनीति से प्रेरित
– 3 दिन पूर्व बीएसटीसी छात्रों ने कलेक्ट्रेट पर धरना देकर कॉलेज प्रशासन पर लगाए थे आरोप
पाली। श्रीमती धापू बाई एवं उज्ज्वल बीएसटीसी कॉलेज में छात्र-छात्राओं व कालेज प्रशासन के बीच चल रहे विवाद को लेकर शुक्रवार को कॉलेज प्रशासन ने प्रेस वार्ता की। इसमें कॉलेज के डायरेक्टर गुणेश रावल ने छात्रों के सभी आरोपों को निराधार, राजनीति से प्रेरित, संस्थान की छवि धूमिल करने की साजिश बताया है।
पाली शहर के निकट बोमदडा रोड पर कॉलेज परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में कॉलेज डायरेक्टर गुणेश रावल ने स्पष्ट किया कि एनसीटीई (NCTE) के नियमानुसार बीएसटीसी पाठ्यक्रम में 200 दिन की उपस्थिति अनिवार्य है। लंबे समय से अनुपस्थित रहने वाले छात्रों एवं उनके परिजनों को केवल नियमों की जानकारी देने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, न कि किसी प्रकार का दबाव बनाने के लिए।
डायरेक्टर रावल ने अनिवार्य हॉस्टल एवं बस सेवा के आरोपों को भी निराधार बताया। उन्होंने कहा कि कॉलेज में अध्ययनरत लगभग 400 छात्रों में से अधिकांश छात्र अपनी इच्छा से बाहर रह रहे हैं। संस्थान में बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था मौजूद है। उपस्थिति प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और डराने-धमकाने के आरोप गलत हैं।
कॉलेज डायरेक्टर ने आरोप लगाया कि कुछ छात्र नेताओं ने निजी राजनीतिक स्वार्थ के चलते नियमित कक्षाओं को जबरन रुकवाया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करने वाले कुछ छात्रों के पास न तो पूरा पाठ्यक्रम है और न ही आवश्यक अध्ययन सामग्री। कॉलेज में 20 से 45 वर्ष आयु वर्ग के परिपक्व छात्र, पूर्व सैन्यकर्मी और विधवा महिलाएं भी अध्ययनरत हैं, जिन्हें डराने का आरोप निराधार है।
उल्लेखनीय है कि तीन दिन पूर्व कॉलेज के बीएसटीसी छात्र-छात्राओं ने पाली कलेक्ट्रेट पर धरना देकर कॉलेज प्रशासन पर जबरन बस व हॉस्टल सुविधा लेने के दबाव बनाने का आरोप लगाया था। कलेक्टर ने इस पर विभागीय जांच के आदेश दिए थे। मामले की जान जारी है।
छात्र-छात्राएं बोली -कॉलेज में सब कुछ ठीक
फलोदी और बाड़मेर से आई छात्राओं (पूजा और सरिता) ने बताया कि वे अपनी मर्जी से हॉस्टल में रह रही हैं और कॉलेज प्रशासन की ओर से हॉस्टल या बस सेवा लेने के लिए उन पर कोई दबाव नहीं है।
छात्र मुकेश ने बताया कि वे जुलाई से यहाँ रह रहे हैं और उनके पास हॉस्टल फीस की रसीदें भी मौजूद हैं, जो डोनेशन या रिश्वत के आरोपों को गलत साबित करती हैं।
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि राजस्थान के दूर-दराज क्षेत्रों से आए छात्र यहाँ सुरक्षित वातावरण में पढ़ रहे हैं और कुछ बाहरी तत्वों द्वारा संस्थान को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





