कड़ाके की ठंड में भी नगर निगम की लापरवाही, अलाव की व्यवस्था न होने से जनता परेशान: सरोज यादव
अयोध्या। समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष सरोज यादव ने नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कड़ाके की ठंड के बावजूद नगर निगम द्वारा कहीं भी अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि सहादतगंज से लेकर अयोध्या तक स्वयं भ्रमण कर देखा गया, लेकिन कहीं भी अलाव जलता हुआ नहीं मिला। सरोज यादव ने कहा कि ठंड इतनी अधिक है कि लोगों का सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है। अलाव न जलने के कारण राहगीरों के साथ-साथ पशु भी अत्यधिक परेशान हैं। लगातार बढ़ती ठंड से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन नगर निगम को आम जनता और पशुओं की समस्याएं नजर नहीं आ रही हैं।उन्होंने नगर निगम पर तंज कसते हुए कहा कि जब जनता से टैक्स वसूली की बात आती है तो नगर निगम सबसे आगे रहता है, लेकिन सुविधाएं देने के समय पीछे क्यों हट जाता है। यह जनता का ही पैसा है, जिसे जनता की भलाई के लिए खर्च किया जाना चाहिए। फिर इसमें नगर निगम को क्या परेशानी है।
सरोज यादव ने आगे कहा कि शायद नगर निगम के अधिकारियों को ठंड का एहसास नहीं हो रहा है, क्योंकि वे ब्लोअर और हीटर में बैठे हैं। ऐसे में गरीबों और बेसहारा लोगों के दुख-दर्द को वे कैसे समझेंगे। उन्होंने मांग की कि तत्काल प्रभाव से शहर में अलाव जलाने की व्यवस्था की जाए और गरीब व जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए जाएं। अन्यथा समाजवादी पार्टी महिला सभा नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोलने के लिए बाध्य होगी।उन्होंने यह भी कहा कि महापौर एवं नगर आयुक्त की जिम्मेदारी है कि वे नागरिकों और पशुओं की सुरक्षा एवं जरूरतों का ध्यान रखें। सर्दी के मौसम में अलाव की व्यवस्था कराना, सड़कों को दुरुस्त रखना और नगर की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। लेकिन वर्तमान स्थिति में नगर निगम इन जिम्मेदारियों को निभाने में पूरी तरह असफल नजर आ रहा है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





