बिना अनुमति रामनगरी में चल रहे गोल्फ कार्ट अवैध, आरटीआई में खुलासा।
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में संचालित हो रहे तथाकथित गोल्फ कार्ट वाहनों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आरटीआई के माध्यम से स्पष्ट हुआ है कि अयोध्या जनपद में किसी भी गोल्फ कार्ट का न तो पंजीकरण हुआ है और न ही उनके संचालन की कोई अनुमति दी गई है।
शरद शुक्ला द्वारा दाखिल आरटीआई के जवाब में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अयोध्या ने लिखित रूप से जानकारी दी कि कार्यालय अभिलेखों में कोई भी गोल्फ कार्ट पंजीकृत नहीं है। इस मौके पर सपा छात्रसभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह और जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शिवपूजन पाण्डेय भी मौजूद रहे।शरद शुक्ला ने कहा कि बिना अनुमति और पंजीकरण के गोल्फ कार्ट का संचालन मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन है और इससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। अन्य नेताओं ने भी अवैध संचालन पर तत्काल रोक लगाने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





