नशा मुक्ति अभियान के तहत विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली।
फालना,पाली
स्थानीय एसपीयू महाविद्यालय में एनएसएस के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय एकदिवसीय शिविर में नशा मुक्त अभियान के तहत स्वयंसेवको एवं स्वयं सेविकाओं ने जागरूकता रैली निकालकर नशा मुक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राची मिश्रा एवं रुचिका बोराणा के द्वारा एनएसएस का लक्ष्य गीत गाकर किया गया। सीआई आबकारी विभाग गोपीलाल सोलंकी, खुडाला फालना नगर पालिका अध्यक्षा ललिता रमेश शाह, संस्था सदस्य व समाजसेवी अमित मेहता, समाजसेवी प्रकाश मेवाड़ा एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष श्याम सिंह जोधा ने महाविद्यालय प्रांगण से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। यह रैली एसपीयू महाविद्यालय के प्रांगण से शुरू होकर शहर के मुख्य चौराहे से होते हुए वापस महाविद्यालय प्रांगण में पहुंचकर संपन्न हुई। इस बीच विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति के जमकर नारे लगाए एवं हाथ में बैनर एवं पोस्टर लेकर नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो, युवाओं का नारा-नशा मुक्त हो देश हमारा जैसे नारों के माध्यम से लोगों को समाज में व्याप्त नशे से दूर रहकर अच्छा जीवन जीने का संदेश दिया। सीआई आबकारी गोपी लाल सोलंकी ने कहा कि नशा किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज का दुश्मन है। यह शरीर और दिमाग को कमजोर करते हुए, जीवन की खुशियां छीन लेता है। नगर पालिका अध्यक्षा ललिता शाह ने बताया कि नशा कमजोरी नहीं बल्कि एक सामाजिक बीमारी है और इसका इलाज जागरूकता, शिक्षा तथा मजबूत इच्छा शक्ति से किया जा सकता है। संस्था सदस्य व समाजसेवी अमित मेहता ने कहा कि यह समय अपने भविष्य निर्माण का है यदि इस समय हम नशे को “ना” कहेंगे तो जीवन में हजारों अवसर हमें “हां” कहेंगे। समाजसेवी प्रकाश मेवाड़ा ने बताया कि ऐसे जागरूकता अभियानों से समाज में सकारात्मक बदलाव आता है और युवा वर्ग को एक सही दिशा मिलती है। गणमान्य नागरिक रमेश शाह एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष श्याम सिंह जोधा ने सभी को नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के संयोजक एवं एनएसएस प्रभारी डॉ मगनलाल ने नशे से होने वाले नुकसान के बारे में बताते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के बारे में अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य छात्रों और समुदाय में नशे के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर नर्बदा राजपुरोहित का नॉर्थ जोन में प्री आरडी परेड में शामिल होने पर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह राणावत, सहायक आचार्य दीपक गुप्ता, स्वयंसेवक तपस्वीराज सांदू, खेतेश देसाई, पंकज, हुली, सीमा चौधरी, भूमि चौरसिया, डूंगरमल बोराणा सहित सभी स्वयंसेवक और सेविकाएं मौजूद रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





