मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक संपन्न, मंडलायुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।
अयोध्या। मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने अग्रणी जिला प्रबंधक अंबेडकरनगर के बिना पूर्व सूचना बैठक में अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों पर शीघ्र कार्यवाही करने तथा निरस्त किए गए आवेदनों की जिला स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा करने के निर्देश दिए।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ हुई। मंडलायुक्त ने मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र युवाओं को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपना रोजगार स्थापित कर सकें। वहीं, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने डीसी अमेठी को निर्देश दिए कि जनपद स्तर पर समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें।
इसके अलावा, एक जनपद एक उत्पाद वित्तीय पोषण योजना में समय पर आवेदनों का निस्तारण न होने पर उन्होंने संबंधित बैंकों के साथ बैठक कर समीक्षा करने के निर्देश दिए। एम०ओ०यू०/जी०बी०सी० से संबंधित विवरणों की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि कंपनियों व फर्मों की समस्याओं का समाधान कर प्रस्तावित एमओयू को शासन की मंशा के अनुरूप धरातल पर लागू किया जाए।
बैठक में उपस्थित उद्योगपतियों ने विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न औद्योगिक समस्याओं को प्रस्तुत किया, जिस पर मंडलायुक्त ने संयुक्त आयुक्त उद्योग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग श्रीमती सविता भारती रंजन, सहायक प्रबंधक मिट्ठू लाल यादव, उपयुक्त उद्योग सुल्तानपुर, अयोध्या, अमेठी, अंबेडकरनगर व सुल्तानपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उद्योगपति उपस्थित रहे।बैठक के उपरांत मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश मंडलीय माइक्रो एंड स्मॉल एंटरप्राइजेज फैसिलिटेशन काउंसिल की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें कन्सीलियेशन से संबंधित सन्दर्भों एवं अवार्ड/आरसी संबंधित वादों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





