अयोध्या सिटी बस ड्राइवरों की हड़ताल वेतन न मिलने, शोषण और बदहाली से परेशान ड्राइवरों ने रोकी बसें
संजय यादव अयोध्या
अयोध्या धाम/नया डिपो, नया बस अड्डा: परिवहन निगम सिटी बस ठेके के तहत अयोध्या धाम नया डिपो और नया बस अड्डा पर कार्यरत बस ड्राइवरों ने आज अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल कर
दी। ड्राइवरों ने बसें रोककर अपना विरोध दर्ज कराया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ड्राइवरों का मुख्य रोष समय पर वेतन न मिलने, वेतन संबंधित शोषण और ड्यूटी पर आने के बाद हाजिरी न लगाए जाने को लेकर है।
हड़ताल करने वाले ड्राइवरों ने आरोप लगाया कि उन्हें समय से वेतन नहीं मिल रहा है, जिसके कारण उन्हें आर्थिक संकट झेलना पड़ रहा है। इसके अलावा, ड्यूटी पर आने के बावजूद कई बार उनकी हाजिरी नहीं लगाई जाती, जिससे उनके वेतन पर सीधा असर पड़ता है। ड्राइवरों ने इलेक्ट्रिक बसों के संबंध में भी गंभीर समस्या बताई। उनका कहना है कि इलेक्ट्रिक बसें समय से चार्ज नहीं रहती हैं, जिससे उन्हें ड्यूटी के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और समय पर ट्रिप पूरी करने में बाधा आती है। ड्राइवरों के शोषण और बदहाली के खिलाफ अपनी नाराजगी जताने के लिए सभी ड्राइवरों ने एक साथ बसों का संचालन रोक दिया। हड़ताल में मुख्य रूप से शामिल होने वाले ड्राइवरों में इंद्रेश कुमार, दीपक तिवारी, राकेश यादव, अतुल पाठक, विकास कुमार, कमलेश पाल, हनुमंत लाल, राज नारायण पांडे, उत्तम सिंह, सुनील कुमार वर्मा, गणेश, संतोष वर्मा, सूर्यनारायण और राजीव कुमार शामिल थे।
ड्राइवरों ने मांग की है कि उन्हें उनका बकाया वेतन तुरंत दिया जाए और भविष्य में वेतन समय पर मिले। साथ ही, ड्यूटी पर हाजिरी सुनिश्चित की जाए और इलेक्ट्रिक बसों को समय पर चार्ज रखने की उचित व्यवस्था की जाए ताकि ड्राइवरों को बेवजह की परेशानियों का सामना न करना पड़े। ड्राइवरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो वे अपनी हड़ताल जारी रखेंगे, जिससे सिटी बस सेवा पूरी तरह से ठप हो सकती है। इस मामले में परिवहन निगम और ठेका कंपनी के प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। यात्री परेशान हैं और जल्द समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





