श्री हनुमान जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन कटरा कुटी धाम में 19वीं वर्षगांठ पर उमड़ेगा भक्तों का सैलाब।

SHARE:

श्री हनुमान जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन

कटरा कुटी धाम में 19वीं वर्षगांठ पर उमड़ेगा भक्तों का सैलाब

संजय यादव अयोध्या
अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में इस वर्ष श्री हनुमान जयंती महोत्सव 2025 का आयोजन ऐतिहासिक रूप से होने जा रहा है। पौराणिक श्री हनुमत्सिद्धपीठ, कटरा कुटी धाम, संत सुंदर दास पुरम में यह आयोजन अपनी 19वीं वर्षगांठ मना रहा है। आयोजन के केंद्र में रहेंगे पीठाधीश्वर स्वामी चिन्मयानंद महाराज जी, जिनके सान्निध्य और मार्गदर्शन से यह महोत्सव वर्ष-दर-वर्ष भव्य स्वरूप लेता जा रहा है।
महोत्सव की शुरुआत एक दिव्य और भव्य शोभायात्रा (कलश यात्रा) से होगी। सैकड़ों महिलाएँ कलश धारण कर नगर की गलियों से गुजरेंगी, जहाँ ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजे और जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठेगा।
आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा 7 दिवसीय श्रीराम कथा, जिसे सुप्रसिद्ध मानस प्रवक्ता मिथिला शरण पांडे जी महाराज अपने मुखारविंद से प्रस्तुत करेंगे। कथा में रामचरितमानस के दिव्य प्रसंगों के माध्यम से भक्तों को धर्म, मर्यादा और भक्ति का संदेश मिलेगा। प्रतिदिन कथा के साथ संकीर्तन और सामूहिक आरती भी होगी।
महोत्सव की मुख्य यजमान होंगी –डॉ. सुशीला रानी पांडे जी (पत्नी श्री राम मणि पांडे जी), जिनका संकल्प और सहयोग इस आयोजन को विशेष महत्व प्रदान कर रहा है।
श्रद्धालुओं की सेवा के लिए पूरे महोत्सव के दौरान दोनों समय भोजन-प्रसाद की भव्य व्यवस्था की गई है। हजारों भक्त यहां प्रसाद का आनंद लेकर धर्म और सेवा का अद्भुत अनुभव करेंगे।
कटरा कुटी धाम को इस अवसर पर फूलों, झालरों और दीपों से सजाया जाएगा। सुबह-शाम की आरती, संकीर्तन और हनुमान चालीसा पाठ से वातावरण रामभक्ति और हनुमान भक्ति में रंग जाएगा।
समापन दिवस पर विशेष पूजन-अर्चन, महाराज जी के आशीर्वचन और महाआरती के बाद भव्य महाप्रसाद वितरित होगा।
श्री हनुमान जयंती महोत्सव 2025 केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि भक्ति, सेवा और समाज को जोड़ने का महापर्व है। इसमें शामिल होने वाले हर श्रद्धालु को न सिर्फ़ आध्यात्मिक आनंद मिलेगा, बल्कि जीवन में धर्म, मर्यादा और सेवा का संकल्प भी सशक्त होगा।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment