अयोध्या नागरिक मंच ने गांधी घाट का सौन्दर्यीकरण कराये जाने हेतु मुख्यमंत्री से की मांग।

SHARE:

अयोध्या धाम में स्थित गांधी घाट सरकारी उपेक्षा का हुआ शिकार

अयोध्या नागरिक मंच ने गांधी घाट का सौन्दर्यीकरण कराये जाने हेतु
मुख्यमंत्री से की मांग

अयोध्या (एस एन बागी)। सत्य और अहिंसा के सिद्धांत पर चलकर भारत देश को ब्रिटिश हुकूमत से मुक्ति दिलाने के लिए आंदोलन करके देश को आजाद कराने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 02 अक्टूबर को जयन्ती है।श्रीराम के अनन्य भक्त रहे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की कट्टरपन्थी विचारधारा वाले नाथूराम गोड़से द्वारा 30 जनवरी सन् 1948 ई0 को हत्या कर दिए जाने के बाद उनकी अस्थियां लेकर भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ0 राजेंद्र प्रसाद जी ने अयोध्या आकर सरयू नदी में जिस स्थान पर अस्थियां प्रवाहित की थीं वह स्थल वर्तमान में राम की पैड़ी पर गांधी घाट के नाम से मशहूर है। यहां पर कुछ गांधीवादी नेताओं ने राष्ट्रपिता की एक छोटी सी प्रतिमा स्थापित कराई थी जो सरकारों की उपेक्षा का शिकार बनी रही। कुछ अराजक तत्वों ने एक बार उनकी आंखें निकाल लीं थीं, यह खबर मालूम होने पर उस प्रतिमा में दूसरी आंखें लगा दी गईं और प्रतिमा की सुरक्षा के लिए एक छोटी सी जाली बनवाकर गांधी आश्रम के लोगों ने मूर्ति को सुरक्षित कर दिया। हर वर्ष 2 अक्टूबर को इस गांधी घाट पर गांधी वादियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ-साथ गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाता है और 30 जनवरी को उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें माल्यार्पण करके उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है तथा 12 फरवरी को यहां सर्वोदय मेला लगता है जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से गांधीवादी यहां आते हैं, सूत कातने हैं और विचार गोष्ठी आयोजित की जाती है। यह स्थल गांधी घाट हमेशा उपेक्षित रहा है चाहे जो सरकारें रहीं हों। सन् 2000 में मेरे अनुरोध पर फैजाबाद जनपद की तत्कालीन जिलाधिकारी श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने गांधी घाट का अयोध्या-फैजाबाद विकास प्राधिकरण की ओर से सौन्दर्यीकरण कराने का निर्णय लिया लेकिन वह शुरू नहीं हो सका और उनका स्थानान्तरण हो गया। तबसे 24 साल बीत चुके हैं,राम की पैड़ी का कई बार विभिन्न सरकारों द्वारा सौन्दर्यीकरण कराया जा चुका है इसके बावजूद गांधी घाट पूर्ववत उपेक्षा का शिकार बना रहा और योगी सरकार में आज भी यह घाट उपेक्षित है। गांधी घाट पर जानवरों का मल-मूत्र पड़ा रहता है, दुकानदारों का कब्जा बना हुआ है
तथा गन्दा जल भराव यहां हमेशा बना रहता है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को गांधी जी की प्रतिमा सही ढंग से दिखाई ही नहीं पड़ती है। मेरे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से अनुरोध है कि अयोध्या के विकास की चल रही तमाम योजनाओं के अंतर्गत इस गांधी घाट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की दूसरी नई आदमकद प्रतिमा लगवाई जाए तथा इस स्थल का सौंदर्यीकरण कराया जाए ताकि यहां आने वाले लोग राष्ट्रपिता का दर्शन कर सकें। इस सम्बन्ध में अयोध्या नागरिक मंच की ओर से एक ज्ञापन पंजीकृत डाक व जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री जी के पास भेजा जाएगा जरूरत पड़ी तो 30 जनवरी 2026 को अयोध्या नागरिक मंच द्वारा गांधी घाट पर धरना दिया जाएगा।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment