अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान है राम मंदिर: मुख्य विकास अधिकारी के.के.सिंह।
सीडीओ ने आर-सेटी अयोध्या का किया निरीक्षण, बेंत शिल्प से बने राम मंदिर की सराहना
प्रशिक्षणार्थियों के हुनर ने बटोरी वाहवाही, आत्मनिर्भरता की राह पर युवाओं को मिली नई दिशा
अयोध्या l बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (आर-सेटी) अयोध्या में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) श्री के.के. सिंह ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान संस्थान में चल रहे विभिन्न कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों का जायजा लिया गया। प्रशिक्षार्थियों द्वारा बेंत शिल्प से निर्मित भव्य राम मंदिर की आकर्षक झलक ने सबका मन मोह लिया।मुख्य विकास अधिकारी अयोध्या श्री सिंह ने मंदिर की कलाकृति को देख गहरी संतुष्टि जाहिर की और प्रशिक्षार्थियों के हुनर की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान राम मंदिर है और यदि प्रशिक्षार्थी इसी से प्रेरित होकर स्वरोजगार की राह पकड़ते हैं तो यह निश्चित रूप से उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनेगा। निरीक्षण के दौरान आर-सेटी निदेशक पुरुषोत्तम कश्यप, एफएलसीसी प्रभारी देवेंद्र सिंह, फैकल्टी अजीत मौर्या एवं संजय यादव, कार्यालय सहायक धर्मपाल यादव, अमित श्रीवास्तव और देशदीपक पांडे मौजूद रहे। सभी ने मिलकर मुख्य विकास अधिकारी अयोध्या को प्रशिक्षण की रूपरेखा और उसकी प्रगति से अवगत कराया। मुख्य विकास अधिकारी अयोध्या ने प्रशिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वरोजगार आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सरकारी और निजी नौकरियों की सीमितता को देखते हुए युवा जब अपने कौशल को निखारकर आगे बढ़ेंगे तभी आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी और अपने व्यवसाय को स्थापित करने के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया।सीडीओ श्री सिंह ने प्रशिक्षार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होंगे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





