मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत बालिकाओं को किया गया जागरूक, महिला सुरक्षा को लेकर दी गई अहम जानकारियां।
गुरुनानक स्कूल व उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरा में चला जागरूकता अभियान
अयोध्या।
महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत महिला थानाध्यक्ष आशा शुक्ला के नेतृत्व में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत महिला थानाध्यक्ष के साथ उपनिरीक्षक सोनी, महिला आरक्षी प्रेया सिंह, जयश्री, अंशिका व महिला होमगार्ड ममता पाठक ने गुरु नानक स्कूल अयोध्या का भ्रमण कर छात्राओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
अभियान के दौरान छात्राओं को विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, सुकन्या समृद्धि योजना एवं अन्य लाभकारी योजनाओं से अवगत कराया गया। इसके साथ ही उन्हें महिला सुरक्षा संबंधित हेल्पलाइन नंबर जैसे – वीमेन पावर लाइन 1090, यूपी 112, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्डलाइन 1098
साइबर अपराध रिपोर्टिंग 1930
की उपयोगिता व कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसी क्रम में मिशन शक्ति अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी नगर, महिला थानाध्यक्ष आशा शुक्ला एवं उपनिरीक्षक सोनी द्वारा उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरा में बालिकाओं के मध्य पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां भी छात्राओं को पुलिस कार्यप्रणाली, महिला हेल्प डेस्क, CCTNS प्रणाली, जनरल डायरी सहित पुलिस से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सवाल-जवाब कर जानकारी प्राप्त की।
महिला थानाध्यक्ष आशा शुक्ला ने बताया कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं व बालिकाओं को न केवल उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, बल्कि उन्हें सशक्त बनाना भी प्राथमिकता है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





